उत्तर प्रदेश कैडर की चर्चित IAS अधिकारी दिव्या मित्तल (43) ने सरकारी सेवा से इस्तीफा दे दिया है। वर्तमान में वह लखनऊ स्थित राजस्व विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनात थीं। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपना इस्तीफा मुख्य सचिव एसपी गोयल को भेजा है। रविवार सुबह सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए दिव्या मित्तल ने अपने इस्तीफे की जानकारी सार्वजनिक की, जिसके बाद प्रशासनिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई।
इस्तीफे की वजह पर सस्पेंस, पोस्टिंग को लेकर भी चर्चा
दिव्या मित्तल के अचानक लिए गए इस फैसले की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। हालांकि, प्रशासनिक हलकों में चर्चा है कि पिछले करीब चार महीनों से वह फील्ड पोस्टिंग से दूर थीं और लखनऊ में तैनात थीं। सूत्रों के मुताबिक, वह दोबारा फील्ड में जिम्मेदारी संभालना चाहती थीं। देवरिया के जिलाधिकारी पद से उनका तबादला करीब चार महीने पहले लखनऊ किया गया था।
IIT-IIM से पढ़ाई, लाखों की नौकरी छोड़कर बनीं IAS
दिव्या मित्तल का प्रशासनिक सफर भी बेहद खास रहा है। उन्होंने IIT दिल्ली से बीटेक और IIM बेंगलुरु से MBA की पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने लंदन में नौकरी की, लेकिन लाखों रुपये के पैकेज वाली नौकरी छोड़कर भारत लौट आईं। खास बात यह है कि उन्होंने लगातार दो वर्षों में UPSC परीक्षा पास की। पहली बार वह IPS बनीं और अगले ही प्रयास में IAS अधिकारी बनने में सफलता हासिल की।
मिर्जापुर से देवरिया तक, सख्त अफसर की रही पहचान
2013 बैच की IAS दिव्या मित्तल मिर्जापुर, बस्ती और देवरिया जैसे जिलों में जिलाधिकारी की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उनकी पहचान एक सख्त और तेज-तर्रार अधिकारी के तौर पर बनी। वह अधिकारियों की लापरवाही पर मौके पर ही नाराजगी जाहिर करने और सख्ती से कार्रवाई के लिए जानी जाती रही हैं। करीब 13 साल की सेवा पूरी कर चुकीं दिव्या के पास अभी लगभग 17 साल की सरकारी सेवा बाकी थी।
पति भी छोड़ चुके हैं सरकारी नौकरी, बनाई अपनी कंपनी
दिव्या मित्तल के पति गगनदीप सिंह भी 2011 बैच के भारतीय व्यापार सेवा (ITS) अधिकारी रह चुके हैं। उन्होंने वर्ष 2022 में सरकारी पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद गगनदीप सिंह ने ‘न्यूरोकैप’ नाम से अपनी कंपनी शुरू की। यह कंपनी भारत समेत विदेशों में ट्रेडिंग से जुड़ा कारोबार करती है। ऐसे में दिव्या मित्तल के इस्तीफे के बाद अब उनके आगे के कदम को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
















































