बहराइच में नहर में पैर फिसलने से 17 वर्षीय किशोर डूबा, तलाश में जुटे ग्रामीण और पुलिस, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

बहराइच: मोतीपुर थाना क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा से सटे सोहनी बलाई गांव में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 17 वर्षीय किशोर पैर फिसलने से नहर में जा गिरा। नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण किशोर देखते ही देखते गहरे पानी में समा गया। हादसे के बाद से उसकी तलाश लगातार जारी है, लेकिन देर तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका।

जानकारी के अनुसार, सोहनी बलाई गांव निवासी रवि पुत्र पृथी शमशेर (17) सोमवार को नहर के पास मौजूद था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह अनियंत्रित होकर नहर के गहरे पानी में जा गिरा। पानी का बहाव तेज होने के कारण रवि कुछ ही पल में आंखों से ओझल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।

किशोर के नहर में डूबने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने नहर में उतरकर और आसपास के हिस्सों में उसकी तलाश शुरू कर दी। घटना की सूचना मोतीपुर थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और खोजबीन में जुटे ग्रामीणों की निगरानी शुरू की।

Also Read: Raebareli: रायबरेली में आकाशीय बिजली ने छीन ली जिंदगी, शौच के लिए निकले भोला की मौके पर मौत

ग्रामीण नहर के संभावित स्थानों पर लगातार किशोर की तलाश कर रहे हैं। पानी का बहाव अधिक होने के कारण रेस्क्यू में भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हर गुजरते पल के साथ परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है।

रवि के न मिलने से परिवार में मातम का माहौल है। परिजन नहर किनारे बेसब्री से उसके मिलने का इंतजार कर रहे हैं। मां और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण भी किशोर के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।

फिलहाल पुलिस और ग्रामीणों की ओर से किशोर की तलाश जारी है। नहर के आसपास के क्षेत्र में भी लगातार निगरानी की जा रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)