UP: गोंडा के जिलाधिकारी के निर्देशानुसार बुधवार को तहसील तरबगंज के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का एसडीआरएफ, राजस्व आपदा टीम एवं जिला आपदा विशेषज्ञों की संयुक्त टीम ने स्थलीय निरीक्षण किया। टीम ने प्रभावित गांवों में पहुंचकर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं व आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की।
संयुक्त टीम ने बाढ़ प्रभावित ग्राम ऐलीपरसौली, बाबूपुरवा और गोड़ियन पुरवा सहित अन्य क्षेत्रों का भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान जलभराव, ग्रामीणों के आवागमन, सुरक्षित आवास, पेयजल, भोजन तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली गई।
Also Read: UP: चंदौली में बाढ़-जलभराव से हाहाकार, 50 बीघा धान की फसल डूबी, कच्चे मकान भी गिरे
अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। प्रभावित लोगों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैंएसडीआरएफ टीम ने ग्रामीणों को बाढ़ के दौरान सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी। वहीं राजस्व आपदा टीम एवं जिला आपदा विशेषज्ञों ने लोगों को आपदा के समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जागरूक किया।
टीम ने ग्रामीणों से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, अनावश्यक रूप से बाढ़ के पानी में प्रवेश न करें तथा बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दें। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी समस्या या आवश्यकता की स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।जिला प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की निरंतर निगरानी की जा रही है और राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जा रहा है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों एवं आपदा टीमों को सतर्क रखा गया है।


















































