रायबरेली: जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से रायबरेली पुलिस ने विभिन्न थानों के अंतर्गत एक बड़ा विशेष अभियान चलाकर 55 वांछित और वारंटी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए सभी आरोपी न्यायालय द्वारा जारी गैर-जमानती वारंट के बाद से लगातार फरार चल रहे थे।
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के सभी थाना क्षेत्रों को लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों की धरपकड़ के सख्त निर्देश दिए गए थे। इसके तहत बुधवार को चलाए गए इस विशेष चेकिंग व धरपकड़ अभियान में पुलिस टीमों को बड़ी सफलता हासिल हुई है।
विभिन्न थानों की कार्रवाई का ब्योरा
अभियान के दौरान जिले भर के विभिन्न थानों ने सजगता दिखाते हुए कुल 55 वारंटियों को दबोचा है। जिसमें मिल एरिया पुलिस ने सर्वाधिक 8 वारंटियों को गिरफ्तार किया। बछरावां पुलिस ने 6 वारंटियों को पकड़ा। सदर कोतवाली एवं महराजगंज ने 5-5 वारंटियों को धर दबोचा। ऊंचाहार, गदागंज और सलोन पुलिस ने 4-4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। हरचंदपुर, जगतपुर, लालगंज, डीह और गुरुबख्शगंज ने 2-2 वारंटियों को दबोचा गया। भदोखर, शिवगढ़, चंदापुर, सरेनी और नसीराबाद ने 1-1 वारंटी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली।
पुलिस कप्तान ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले और न्यायालय के आदेशों की अवहेलना कर फरार चल रहे अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। गिरफ्तार किए गए सभी 55 आरोपियों का चालान कर उन्हें संबंधित न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।



















































