चंदौली: शुक्रवार को शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने नगर पालिका की सफाई व्यवस्था और आवारा पशुओं को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने सफाई निरीक्षक पर मरणासन्न गाय को समय पर न उठवाने और नगर की सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
बृजेश गुप्ता ने बताया कि एक सितंबर को जीटी रोड स्थित रत्नदीप ज्वेलर्स के पास एक गाय गंभीर अवस्था में पड़ी थी। इसकी सूचना उनके द्वारा सफाई निरीक्षक को फोन पर दी गई। आरोप है कि सफाई निरीक्षक ने तत्काल गाय को उठवाने का आश्वासन दिया, लेकिन रातभर गाय वहीं तड़पती रही। बाद में वह घसीटते हुए रस्तोगी गली और जायसवाल भवन रोड तक पहुंच गई। उन्होंने दावा किया कि गाय की हालत इतनी खराब थी कि उसके शरीर से मांस और हड्डियां तक बाहर आ गई थीं।
Also Read: छात्रहितों को लेकर परिषद का विकास भवन पर प्रदर्शन, सौंपा चार सूत्रीय ज्ञापन
बृजेश गुप्ता के मुताबिक, इसके बाद उन्होंने मामले की जानकारी एसडीएम और जिलाधिकारी को व्हाट्सएप के माध्यम से दी, जिसके बाद शाम तक गाय को वहां से हटाया गया। उन्होंने कहा कि गाय जीवित बची या नहीं, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष ने नगर में सफाई, जल निकासी और आवारा पशुओं की समस्या को लेकर भी नगरपालिका पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि करीब एक महीने से काऊ कैचर द्वारा आवारा पशुओं को नहीं उठाया जा रहा है। गल्ला मंडी, लाठ नंबर एक, सब्जी मंडी और जीटी रोड नई बस्ती में बड़ी संख्या में पशु घूम रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि सोमवार को नगर पालिका के ईओ को मांगों से संबंधित पत्रक सौंपा जाएगा। मांगें पूरी नहीं होने पर शहर कांग्रेस कमेटी बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगी।


















































