UP: उत्तर प्रदेश में बंद किए गए स्कूलों को लेकर समाजवादी पार्टी ने योगी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी की है। शिक्षक दिवस के अवसर पर सपा छात्र सभा की ओर से प्रदेशभर में ‘पाठशाला पुकारे’ अभियान की शुरुआत की जा रही है। पार्टी का दावा है कि इस अभियान के तहत बंद प्राथमिक और जूनियर हाईस्कूलों के बाहर शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा।
‘बंद स्कूल खुलेगा, तभी PDA पढ़ेगा’
सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया के जरिए अभियान की जानकारी साझा की। उन्होंने भाजपा सरकार पर प्रदेश में 26 हजार प्राथमिक विद्यालय बंद करने का आरोप लगाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी इन स्कूलों में शिक्षक दिवस पर कार्यक्रम आयोजित करेगी। अखिलेश ने कहा कि अभियान का मुख्य संदेश है, बंद स्कूल खुलेगा, तो PDA पढ़ेगा। उन्होंने शिक्षा को सामाजिक और राजनीतिक जागरूकता का आधार बताते हुए सरकार से इसे प्राथमिकता देने की मांग की।
Also Read: ‘प्रचार कुछ, सच्चाई कुछ और…’, अखिलेश यादव का सरकार पर हमला
11 सितंबर तक चलेगा अभियान
समाजवादी छात्र सभा के मुताबिक, ‘पाठशाला पुकारे’ कार्यक्रम 5 सितंबर से 11 सितंबर तक सात दिनों तक चलेगा। इस दौरान छात्र, नौजवान और पीडीए जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। पार्टी का कहना है कि वह स्कूल बंद होने के मुद्दे को लेकर गांव-गांव तक पहुंचेगी और स्थानीय लोगों से संवाद करेगी।
वृक्षारोपण से लेकर छात्रों की समस्याओं तक
अभियान के दौरान पीडीए वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही छात्रों की समस्याएं और सुझाव सुने जाएंगे। युवाओं की राजनीति में भूमिका को लेकर संगोष्ठियां भी की जाएंगी। सपा का उद्देश्य इन कार्यक्रमों के जरिए शिक्षा और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर जनसंवाद बढ़ाना है।
पेपर लीक, फीस और रोजगार के मुद्दे भी शामिल
सपा छात्र सभा ने अभियान में पेपर लीक, फीस में बढ़ोतरी, रोजगार, आरक्षण और कॉलेज-विश्वविद्यालयों में नियुक्तियों में पारदर्शिता जैसे मुद्दों को भी शामिल किया है। पार्टी का कहना है कि इन विषयों पर छात्रों और युवाओं के बीच जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। सपा ने इसे शिक्षा व्यवस्था और सामाजिक न्याय से जुड़े सवालों को उठाने का माध्यम बताया है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































