Raebareli: रायबरेली में कहासुनी के बाद युवक पर टूट पड़े हमलावर, लाठी-डंडों से पीटकर किया घायल, पुलिस जांच में जुटी

Raebareli: बछरांवा थाना क्षेत्र के दहजुवाखेड़ा इचौली गांव में गुरुवार को आपसी विवाद को लेकर गांव के ही कुछ लोगों ने एक युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर किसी तरह युवक को हमलावरों से बचाया। इसके बाद घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां ले जाया गया।

जानिए क्या पूरा मामला?

दहजुवाखेड़ा इचौली गांव निवासी अमरजीत यादव (31) पुत्र वृंदावन यादव का गांव के ही कुछ लोगों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और कुछ लोगों ने अमरजीत पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। हमले में युवक के शरीर पर कई जगह चोटें आई हैं। मारपीट के दौरान अमरजीत के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग और उसके परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को आता देख हमलावर वहां से चले गए। परिजनों ने घायल युवक को संभाला और तत्काल इलाज के लिए सीएचसी बछरावां पहुंचाया। चिकित्सकों ने युवक का प्राथमिक उपचार किया और उसकी चोटों का परीक्षण किया।

ALSO READ: Etawah: मंदिर के सामने बाबा का शव मिलने से मचा हड़कंप, शिनाख्त में जुटी पुलिस

घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन पुलिस से शिकायत करने की तैयारी में जुट गए। परिजनों की ओर से मामले में पुलिस को तहरीर देने की बात कही जा रही है। वहीं, पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर गांव में लोगों के बीच चर्चा बनी हुई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)