UP: गोण्डा सदर तहसील में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में विधायक सदर गोण्डा प्रतीक भूषण सिंह और जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कुल 121 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें पांच शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष 116 शिकायतों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण के लिए आवश्यकता के अनुसार टीम गठित कर मौके पर स्थलीय जांच कराई जाए। जांच के दौरान दोनों पक्षों को बुलाकर उनकी बात सुनी जाए और निष्पक्ष तरीके से समस्या का समाधान किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अवैध कब्जे, अतिक्रमण, चकरोड, नाली और तालाब की भूमि से जुड़े मामलों में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर भेजकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि निस्तारण के दौरान शिकायतकर्ता की उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ कार्रवाई की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई जाए, ताकि निस्तारण की गुणवत्ता और पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर न किया जाए, बल्कि मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच करते हुए गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के बाद विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी वितरित किया गया। विधायक और जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी सहायिका के नियुक्ति पत्र, आवास की चाबी, क्षय रोगियों को पोषण पोटली, पेंशन स्वीकृति प्रमाण पत्र, राशन कार्ड तथा पारिवारिक लाभ योजना के स्वीकृति पत्र सहित अन्य लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए।इस दौरान प्रभागीय वनाधिकारी अनुराग प्रियदर्शी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतलाल, एसडीएम सदर जितेंद्र गौतम, तहसीलदार मनीष कुमार, जिला विकास अधिकारी आदित्य तिवारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सुशील कुमार पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।



















































