UP: चलती डबल डेकर बस बनी आग का गोला, 40 यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

इटावा: फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में सोमवार उस समय हड़कंप मच गया, जब दिल्ली से राठ जा रही एक डबल डेकर बस अचानक आग का गोला बन गई। सिया देवी मेमोरियल हॉस्पिटल के सामने बस में भीषण आग लगते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आग की भयावह लपटें देखकर बस में सवार करीब 40 यात्रियों ने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई।

बताया गया कि आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों को अपना सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला। बस में रखा यात्रियों का लाखों रुपये का कीमती सामान, जेवरात, कपड़े, जरूरी दस्तावेज और अन्य सामान धू-धूकर जल गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई।

ALSO READ: Muzaffarnagar: जिन शिक्षकों ने बदली बच्चों की राह, शिक्षक दिवस पर ऐसे हुआ सम्मान

बस में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक बस का अधिकांश हिस्सा बुरी तरह जल चुका था।

घटना की जानकारी मिलते ही सीओ सिटी अवनीश कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया और यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के साथ ही दूसरी बसों की व्यवस्था कराकर उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना कराया।

फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)