जौनपुर: जफराबाद विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में बरसात के दौरान आवागमन की समस्या जल्द दूर होने की उम्मीद है। नालों के उफान और जलभराव से प्रभावित होने वाले रास्तों पर अब चार लघु सेतुओं और पहुंच मार्गों का निर्माण कराया जाएगा। प्रदेश सरकार ने इन कार्यों के लिए 275.50 लाख रुपये यानी करीब 2.75 करोड़ रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में 55.09 लाख रुपये की धनराशि भी आवंटित की गई है।
लोक निर्माण विभाग के लोक निर्माण अनुभाग-6 की ओर से पांच सितंबर 2026 को जारी शासनादेश के बाद निर्माण कार्यों का रास्ता साफ हो गया है। परियोजनाएं पूरी होने से विद्यार्थियों, किसानों, श्रमिकों और राहगीरों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।
स्वीकृति के तहत राजापुर इटायें डेडारपुर में पानी की टंकी के पास नाले पर 51.06 लाख रुपये की लागत से बाक्स कलवर्ट व पहुंच मार्ग बनाया जाएगा। ग्रामसभा सुल्तानपुर के उत्तरगांव-बिहरोजपुर नाले पर 62.26 लाख रुपये से पुलिया व पहुंच मार्ग का निर्माण होगा। उत्तरगांव-सुल्तानपुर नाले पर 108.01 लाख रुपये से बाक्स कलवर्ट व पहुंच मार्ग बनेगा। वहीं जलालपुर विकासखंड के विभनमऊ मार्ग पर मौर्या बस्ती, यादव बस्ती और जूनियर हाईस्कूल के पास नाले पर 54.17 लाख रुपये से बाक्स कलवर्ट व पहुंच मार्ग बनाया जाएगा।
जफराबाद विधायक एवं पूर्व मंत्री जगदीश नारायण राय ने स्वीकृति पर प्रदेश सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पुल-पुलिया बनने से ग्रामीणों की वर्षों पुरानी आवागमन की समस्या कम होगी और क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।



















































