UP: गोण्डा थाना कोतवाली नगर पुलिस ने साइबर अपराध के संगठित अंतरराज्यीय गिरोह के एक और वांछित सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी अभिषेक चेलानी पुत्र दिनेश कुमार चेलानी, निवासी सोनार गली ददुआ बाजार मकार्थीगंज, थाना कोतवाली नगर, गोण्डा को उसके निवास स्थान से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी को पुलिस ने न्यायालय में पेश करने के लिए रवाना कर दिया। पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई मु0अ0सं0 0288/2026 में दर्ज मुकदमे के तहत की गई है। मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 318(4), 319(2), 336(3), 338 बीएनएस और 66डी आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।
नौकरी का झांसा देकर करते थे साइबर ठगी
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य स्वास्थ्य विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। फरवरी 2026 में छत्तीसगढ़ निवासी एक व्यक्ति ने स्वास्थ्य विभाग में नौकरी का विज्ञापन देखकर उसमें दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया था। इसके बाद रजिस्ट्रेशन, साक्षात्कार, ट्रेनिंग और ज्वाइनिंग के नाम पर उससे साइबर ठगी की गई। पीड़ित की ऑनलाइन शिकायत की जांच के दौरान तीन संदिग्ध मोबाइल नंबर सामने आए। तकनीकी जांच में इन नंबरों के सिम धारकों का संबंध दूसरे जनपदों और राज्यों से पाया गया, जबकि साइबर ठगी के दौरान इन नंबरों की लोकेशन गोण्डा में मिली थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी गिरोह करीब डेढ़ साल से उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, कर्नाटक और तेलंगाना समेत कई राज्यों के लोगों को नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का शिकार बना रहा था। इन मोबाइल नंबरों, इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन और बैंक खातों के खिलाफ विभिन्न राज्यों में 25 से अधिक साइबर फ्रॉड की ऑनलाइन शिकायतें दर्ज होने की बात सामने आई है।
पहले दो आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल नंबरों से मिले लिंक के आधार पर साइबर सेल गोण्डा और थाना कोतवाली नगर की संयुक्त टीम ने 1 अप्रैल 2026 को सुधीर कुमार गुप्ता उर्फ अतुल गुप्ता और बृजेश मिश्रा को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से साइबर अपराध में इस्तेमाल किए जा रहे तीन एंड्रॉयड फोन, एक आईफोन-17 और एक की-पैड मोबाइल फोन बरामद किया गया था।इसी मामले में अभिषेक चेलानी वांछित चल रहा था, जिसे पुलिस ने अब गिरफ्तार कर लिया है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































