बरेली: भैंस चोरी के मामले में वांछित चल रहे दो आरोपियों को मीरगंज पुलिस ने गुरुवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी मीरगंज भेजा गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग बोर के तमंचे, कारतूस, खोखा, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, 10 सितंबर की रात पुलिस टीम अपराध की रोकथाम और संदिग्धों की तलाश में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि दो संदिग्ध बदमाश भाखड़ा नदी पुल के पास नौगवां जाने वाले मार्ग पर मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम करीब 2:25 बजे मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही दोनों आरोपियों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, घिरने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उस्मान पुत्र नक्शे अली निवासी खेमपुर, थाना अजीमनगर, रामपुर के दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसके साथी रईस पुत्र मोहम्मद शाह निवासी महेशपुरा, थाना भोट, रामपुर को भी मौके से दबोच लिया।
पूछताछ में दोनों ने पांच सितंबर को नौगवां गांव से दो भैंस चोरी करने की बात स्वीकार की। ग्रामीणों के जाग जाने पर आरोपी चोरी की भैंस और पिकअप वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गए थे। पुलिस के अनुसार, चोरी में प्रयुक्त पिकअप वाहन और दोनों भैंस पहले ही बरामद की जा चुकी हैं।
Also Read: UP: 5 लाख के चेक के लिए बिजली के पोल पर चढ़ा युवक, घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा!
उस्मान के पास से 315 बोर का तमंचा, कारतूस, खोखा, 300 रुपये और वीवो मोबाइल, जबकि रईस के कब्जे से 12 बोर का तमंचा, कारतूस, 250 रुपये और ओप्पो मोबाइल बरामद हुआ। मुठभेड़ के संबंध में भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि भैंस चोरी के मामले में वांछित दोनों आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया है। एक आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया है। फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।



