UP: बरेली थाना मीरगंज क्षेत्र के ग्राम सिधौली में शुक्रवार सुबह नदी में विशालकाय मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। नदी के पानी में मगरमच्छ को तैरता देख आसपास मौजूद लोगों ने पुल से उसका वीडियो बना लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में मगरमच्छ को लेकर दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार, नदी में दिखाई दे रहा मगरमच्छ काफी बड़ा है। उनका दावा है कि यह कई दिनों से नदी में नजर आ रहा है। शुक्रवार सुबह मगरमच्छ पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया तो लोगों की नजर उस पर पड़ी। इसके बाद ग्रामीण पुल पर एकत्र हो गए और दूर से उसका वीडियो बनाने लगे। वीडियो में ग्रामीण मगरमच्छ के आकार को लेकर आपस में बातचीत करते हुए भी सुनाई दे रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि नदी के किनारे अक्सर लोग अपने पशुओं को पानी पिलाने के लिए ले जाते हैं। इसके अलावा बच्चे भी आसपास खेलते रहते हैं। ऐसे में नदी में मगरमच्छ की मौजूदगी से किसी अनहोनी की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि यदि समय रहते मगरमच्छ को नहीं पकड़ा गया तो वह किसी बच्चे या पशु पर हमला कर सकता है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से मामले का संज्ञान लेकर तत्काल टीम भेजने और मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ने की मांग की है। उनका कहना है कि मगरमच्छ को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाए, ताकि ग्रामीणों और उनके पशुओं को खतरे से बचाया जा सके। अब वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग की कार्रवाई का इंतजार है।



















































