UP: चंदौली में बैंक कर्मचारियों ने शुक्रवार को विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन कर विरोध जताया। कर्मचारियों ने 5-डे बैंकिंग लागू करने के साथ ही निचले स्तर के कर्मचारियों को भी परफॉरमेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) का लाभ देने की मांग उठाई। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) मुगलसराय मुख्य शाखा में कार्यरत कर्मचारी अवंतिका जोशी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बैंक कर्मचारियों को लंबे समय से पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू किए जाने की उम्मीद है। सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू होने से कर्मचारियों को काम और व्यक्तिगत जीवन के बीच बेहतर संतुलन बनाने में सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में बैंक कर्मचारियों पर लगातार काम का दबाव बढ़ रहा है। फ्रंट-फेसिंग कर्मचारी सीधे ग्राहकों से संपर्क करते हैं। उन्हें ग्राहकों की शिकायतों और समस्याओं का समाधान करने के साथ ही हेड ऑफिस से निर्धारित विभिन्न लक्ष्यों को भी धरातल पर पूरा करना पड़ता है।
Also Read: UP: बैंक कर्मचारियों की हड़ताल से कामकाज प्रभावित, वित्तमंत्री के खिलाफ लगाए नारे
अवंतिका जोशी ने कहा कि निचले स्तर के कर्मचारी भी बैंक के कामकाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और अत्यधिक कार्यभार के बावजूद उन्हें अपेक्षित सुविधाएं और विशेषाधिकार नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने मांग की कि स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों को मिलने वाले PLI की तरह निचले स्तर के कर्मचारियों को भी परफॉरमेंस लिंक्ड इंसेंटिव दिया जाए। यदि सभी कर्मचारियों के लिए समान व्यवस्था संभव नहीं है तो किसी भी स्तर के अधिकारी को यह इंसेंटिव नहीं दिया जाना चाहिए।कर्मचारियों ने कहा कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाए, ताकि कर्मचारियों को राहत मिल सके और बैंकिंग व्यवस्था में भी बेहतर कार्य वातावरण कायम हो।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































