सहारनपुर: फतेहपुर थाना पुलिस और स्वाट टीम ने डकैती की घटना का सफल खुलासा करते हुए पांच शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 35,500 रुपये नकद, आठ मोबाइल फोन, सफेद धातु का एक ब्रेसलेट, दो तमंचे, चार जिंदा कारतूस, तीन नाजायज चाकू, दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और दो फर्जी नंबर प्लेट बरामद की हैं।
पुलिस के मुताबिक, 6 सितंबर को गागलहेड़ी निवासी इल्ताफ अपने साथियों के साथ जा रहे थे। इसी दौरान दो बाइक सवार बदमाशों ने उनकी गाड़ी रुकवा ली। आरोपियों ने उनके साथ मारपीट करते हुए रुपये और तीन मोबाइल फोन लूट लिए थे। घटना के संबंध में फतेहपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।जांच के दौरान 13 सितंबर को फतेहपुर पुलिस और स्वाट टीम ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर रजापुर कट के पास चेकिंग के दौरान पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीर, सनव्वर, अनस, रिहान और प्रिन्स के रूप में हुई है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कई अन्य लूट की घटनाओं में भी शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने मथाना के पास छोटा हाथी सवार तीन लोगों से मोबाइल फोन और 48 हजार रुपये, लाखनौर पुल के पास स्कूटी सवार व्यक्ति से मोबाइल, बहेड़ी गुर्जर के जंगल में बाइक सवार से मोबाइल और कलियर रोड क्षेत्र में तमंचे के बल पर मोबाइल लूटने की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कलियर शरीफ से एक बाइक चोरी कर उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई और इसी बाइक का इस्तेमाल लूट की घटनाओं में किया। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनसे जुड़े अन्य मामलों की जानकारी जुटा रही है।



















































