यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियों का बिगुल तेज कर दिया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश सह प्रभारी जगदीश चंद्र जांगिड़ के पहली बार बांदा पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। जिला कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुटे। इस दौरान संगठन सृजन समीक्षा बैठक में बूथ से लेकर जिले तक संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर मंथन हुआ।
प्रेस वार्ता में जगदीश चंद्र जांगिड़ ने कहा कि 2027 के चुनाव में अब बहुत कम समय बचा है। कांग्रेस का हर कार्यकर्ता लगातार सक्रिय रहे और राहुल गांधी के हाथों को मजबूत करे। उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा और कांग्रेस के स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान का हवाला देते हुए भाजपा पर तीखे राजनीतिक आरोप लगाए।
जांगिड़ ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है और प्रदेश में सरकार बनाएगी। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से गांव,बूथ और क्षेत्र स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया। वहीं,भाजपा सरकार पर दलित उत्पीड़न और महिलाओं के खिलाफ अपराध समेत कई मुद्दों को लेकर हमला बोला।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए वर्ष 2025 से लगातार काम किया जा रहा है। बूथ से लेकर जिला स्तर तक संगठन को मजबूत किया गया है। उन्होंने कहा कि टिकट वितरण में जमीनी कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता मिलनी चाहिए, ताकि संगठन पूरी ताकत से प्रत्याशी की जीत के लिए काम कर सके।
Also Read: हाथरस में 12 सितंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, सुलह-समझौते से होगा मामलों का निस्तारण
कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त शिक्षक शिवपूजन तिवारी ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश सह प्रभारी जगदीश चंद्र जांगिड़ ने माला पहनाकर उनका पार्टी में स्वागत किया। कार्यक्रम में शहर कांग्रेस अध्यक्ष अफसाना शाह, पूर्व जिलाध्यक्ष साकेत बिहारी मिश्रा, महिला जिलाध्यक्ष सीमा खान, युवा कांग्रेस अध्यक्ष आदित्य सिंह, एआईसीसी सदस्य रमेश चंद्र कोरी, आकाश दीक्षित, संकटा प्रसाद त्रिपाठी आदि कांग्रेसी थे।
देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है.



















































