बांदा: दिन ढलते ही गांवों में अंधेरा… कहीं बच्चों की पढ़ाई पर ब्रेक, कहीं किसान धान की सिंचाई के लिए परेशान और कहीं गणेश उत्सव में दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही है। जिले के ग्रामीण इलाकों में शाम के समय हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर समाजवादी पार्टी ने विद्युत विभाग के सामने आवाज बुलंद की है। सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री विशंभर प्रसाद निषाद ने मुख्य अभियंता, विद्युत वितरण निगम लिमिटेड बांदा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
उन्होंने जसपुरा,तिंदवारी, बड़ोखर खुर्द समेत जिले के लगभग सभी ब्लॉकों के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कटौती की समस्या को तत्काल दूर कराने की मांग की। विशंभर प्रसाद निषाद ने अधिकारियों को बताया कि बरसात के मौसम में रात के समय बिजली गुल होने से ग्रामीण इलाकों में अंधेरा छा जाता है।ऐसे में जहरीले कीड़े-मकौड़ों का खतरा बढ़ जाता है और लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है।
बिजली कटौती का सीधा असर छात्रों की पढ़ाई पर पड़ने की बात ज्ञापन में कही गई। वहीं किसानों को धान की फसल की सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने में भी परेशानी होने का मुद्दा उठाया गया। जिले में जगह-जगह गणेश प्रतिमाएं स्थापित होने के बीच रात में बिजली कटौती से दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी होने की बात कही गई।
सपा ने विद्युत विभाग से मांग की कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त किया जाए और अघोषित कटौती पर रोक लगाकर नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।ज्ञापन के दौरान सपा के वरिष्ठ नेता पुष्पेंद्र सिंह चुनाले,नंदकिशोर यादव,मनोज यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



















































