इटावा: क्षेत्र में डंपरों के संचालन को लेकर उठ रहे अवैध खनन और राजस्व नुकसान के सवालों के बीच बढ़पुरा पुलिस ने तेज-तर्रार कार्रवाई करते हुए सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। थाना प्रभारी कृपाल सिंह के नेतृत्व में हुई अचानक चेकिंग से डंपर चालकों में हड़कंप मच गया।
पुलिस टीम ने डंपरों को रोककर नंबर प्लेट, वाहन के कागजात और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की। जांच के दौरान बिना नंबर प्लेट तथा अधूरे दस्तावेज पाए जाने पर कई डंपरों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। वहीं नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर एक मोटरसाइकिल को भी सीज किया गया।
पुलिस के अनुसार अभियान में करीब एक लाख रुपये की कार्रवाई की गई। डंपरों की लगातार आवाजाही को लेकर क्षेत्र में खनन सामग्री के परिवहन, रॉयल्टी और सरकारी राजस्व को लेकर सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में वाहनों के दस्तावेज और खनन सामग्री से संबंधित अभिलेखों की जांच को लेकर भी लोगों की निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।
अचानक हुई चेकिंग से डंपर चालकों में अफरा-तफरी मची रही। पुलिस ने स्पष्ट किया कि वाहन संबंधी नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।



















































