सुल्तानपुर: आरक्षण व्यवस्था, एससी/एसटी एक्ट और यूजीसी से जुड़े मुद्दों को लेकर बुधवार को कटका क्लब सामाजिक संस्था एवं राष्ट्रीय सवर्ण समाज परिषद के संयुक्त तत्वावधान में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कटका क्लब के अध्यक्ष डॉ. सौरभ मिश्र ‘विनम्र’ ने राष्ट्रपति के नाम खून से लिखा पत्र जयसिंहपुर एसडीएम संतोष यादव को सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने संबंधित नीतियों और प्रावधानों पर पुनर्विचार की मांग उठाई।
डॉ. सौरभ मिश्र ने कहा कि खून से पत्र लिखकर उन्होंने अपनी आपत्ति और मांगों को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि आरक्षण व्यवस्था और एससी/एसटी एक्ट को लेकर सामान्य वर्ग के लोगों में असंतोष है। सरकार को सभी वर्गों के हित और समान अवसर के सिद्धांत को ध्यान में रखते हुए संबंधित प्रावधानों की समीक्षा करनी चाहिए।
पूर्व सेना अधिकारी शिव कुमार तिवारी ने कहा कि देश की एकता और सामाजिक समरसता के लिए सभी वर्गों के साथ समान व्यवहार जरूरी है। नीतियां बनाते समय सामाजिक न्याय के साथ योग्यता और समान अवसर के पहलुओं पर भी विचार किया जाना चाहिए।
राष्ट्रीय सवर्ण समाज परिषद के मंडल अध्यक्ष गौरी शंकर शर्मा ने कहा कि संगठन लंबे समय से आरक्षण व्यवस्था में बदलाव समेत विभिन्न मांगें उठा रहा है। अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता परिषद के जिलाध्यक्ष अंकुर पांडेय ने कहा कि संगठन से जुड़े लोग लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगें सरकार तक पहुंचा रहे हैं।
प्रदर्शन में बृजेंद्र मिश्र, विपिन तिवारी, जेपी तिवारी, अमित उपाध्याय, आलोक दुबे, अम्बेडकर मिश्र, रमेश त्रिपाठी, राम नायक तिवारी, अतुल तिवारी, नीरज तिवारी और धर्माता पांडेय समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने खून से लिखे पत्र को विरोध और अपनी मांगों के प्रति गंभीरता जताने का प्रतीक बताया।


















































