UP: भरथना में दर्दनाक सड़क हादसा, दो बाइकों की टक्कर में महिला की मौत

इटावा: भरथना-बिधूना मार्ग पर पड़ियापुर गांव के समीप शुक्रवार दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार 30 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

राहगीरों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरथना पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। गंभीर घायल एक बाइक सवार को जिला अस्पताल रेफर किया गया। मध्य प्रदेश के भिंड जनपद के ऊमरी गांव निवासी शिवम पुत्र लाखन सिंह अपनी मामी शशि देवी (30) पत्नी हरी सिंह और नानी प्रभा देवी के साथ भरथना क्षेत्र के मिराय बाहरपुर गांव में रिश्तेदारी में बच्चे के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे।

ALSO READ: Banda: 1.38 लाख रुपये में महिला को बेचने और जबरन शादी कराने का आरोप, कथित मध्यस्थ गिरफ्तार

इसी दौरान पड़ियापुर के पास पीछे से आई तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। शशि देवी को गंभीर चोटें आईं।

हादसा देख गुजर रहे ऑटो चालक ने घायलों को तत्काल ऑटो से सीएचसी भरथना पहुंचाया।

चिकित्सकों ने शशि देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरी बाइक पर सवार भिग्सिया निवासी 45 वर्षीय ज्ञानेंद्र पुत्र विद्याराम भी घायल हो गए। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।

मृतका की सास प्रभा देवी ने बताया कि मिराय गांव में रिश्तेदारी के एक बच्चे की जन्म के कुछ समय बाद मौत हो गई थी।

Also Read: डीएम ने गर्मी को देखते हुए 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का आदेश, स्मार्ट मीटर और बिजली व्यवस्था पर अहम फैसले

परिवार उसी के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहा था, लेकिन रास्ते में हादसे ने खुशियों की जगह मातम में बदल दिया। शशि देवी के तीन बच्चे राज (10), आयुष (8) और मोहिनी (6) हैं। मां की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। देर शाम परिजन सीएचसी पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)