आजमगढ़: निजामाबाद थाना क्षेत्र में पत्नी को जान से मारने की नीयत से फांसी पर लटकाने के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को मोलनापुर नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस के अनुसार, बुद्धसेनपुर निवासी शशिकला पत्नी राकेश यादव ने 23 सितंबर को निजामाबाद थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसके पति राकेश यादव ने 9 सितंबर की रात करीब नौ बजे उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से उसे फांसी पर लटका दिया।
Advertisement
तहरीर के आधार पर पुलिस ने राकेश यादव के खिलाफ मु0अ0सं0 238/2026 के तहत धारा 85, 109(1) और 115(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की। इसी क्रम में गुरुवार को उपनिरीक्षक अखिलेश नारायण सिंह ने हमराह पुलिसकर्मियों के साथ कार्रवाई करते हुए राकेश यादव पुत्र मुन्ना उर्फ मुन्नीलाल यादव, उम्र करीब 33 वर्ष, निवासी बुद्धसेनपुर, थाना निजामाबाद को सुबह करीब 7:35 बजे मोलनापुर नहर पुलिया से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी का चालान न्यायालय कर दिया।
Also Read: UP: चलती डबल डेकर बस बनी आग का गोला, 40 यात्रियों ने कूदकर बचाई जान
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2021 में निजामाबाद थाने में मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अखिलेश नारायण सिंह, कांस्टेबल धर्मवीर प्रजापति और रिजर्व कांस्टेबल अभिषेक पटेल शामिल रहे।



