Bareilly में स्कूल बस पकड़ने जा रहे 14 वर्षीय छात्र को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचला, मौके पर मौत

Bareilly: जनपद के थाना शाही क्षेत्र के धनेटा-शीशगढ़ मार्ग पर शुक्रवार सुबह आनंदपुर गांव के पास सीमेंट से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में सामने से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार कक्षा पांच के छात्र सिद्धार्थ गुप्ता (14) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका चाचा शानू गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर फरार हो गया।

जानिए क्या है पूरा मामला?

दुनका निवासी सौरभ गुप्ता का पुत्र सिद्धार्थ दिल्ली पब्लिक स्कूल में कक्षा पांच में पढ़ता था। शुक्रवार सुबह वह अपने चाचा शानू के साथ बाइक से मिर्जापुर जा रहा था, जहां से उसे स्कूल बस पकड़नी थी। आनंदपुर गांव के पास धनेटा की ओर से आ रही सीमेंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सिद्धार्थ सड़क पर जा गिरा और ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया उसके ऊपर से निकल गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

ALSO READ: UP: चलती ट्रेन से गिरकर बिहार के युवक की दर्दनाक मौत, बरेली से दिल्ली की ओर जा रहा था शख्स

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल शानू को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बरेली रेफर कर दिया गया। पुलिस ने छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और ट्रैक्टर-ट्रॉली कब्जे में लेकर दुनका चौकी में खड़ी करा दी। सिद्धार्थ दो भाइयों में बड़ा था। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के समय उसके पिता राजस्थान गए हुए थे।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)