जौनपुर: सिकरारा थाना क्षेत्र के गोदाम चौराहा पर दुकान के बाहर सो रहे उदयराज यादव की हत्या का पुलिस ने महज 12 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक चोरी की वारदात को अंजाम देने पहुंचे चार आरोपियों ने पहचान उजागर होने के डर से उदयराज के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी जौनपुर के निर्देश पर तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस को चार आरोपियों के नाम सामने आए।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि चारों नशे के आदी हैं और शराब के लिए पैसों की जरूरत थी। इसी के चलते उन्होंने गोदाम चौराहा स्थित एक दुकान में चोरी की योजना बनाई। चोरी के दौरान पास में सो रहे उनके ही गांव के उदयराज यादव जाग गए। आरोपियों को डर था कि उदयराज उन्हें पहचान लेंगे। पुलिस के अनुसार इसी डर में चारों ने मिलकर उनके सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने आकाश गौतम, शेर बहादुर उर्फ शेरा और सूरज गौतम को गिरफ्तार किया है, जबकि रामू गौतम की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड भी बरामद की है।
फिलहाल सिकरारा पुलिस ने मामले में सम्बंधित धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














