Jaunpur: साइबर अपराध थाना और जनपद के विभिन्न थानों की साइबर सेल टीम ने CEIR पोर्टल की मदद से 201 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये है। बरामद फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे जा रहे हैं।
जानिए क्या है पूरा मामला?
पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं साइबर क्राइम के नोडल अधिकारी अनंत चन्द्रशेखर के निर्देशन तथा सहायक पुलिस अधीक्षक नगर गोल्डी गुप्ता के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक अब तक कुल 2,239 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 4.35 करोड़ रुपये है। बरामद 201 मोबाइल जौनपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों के अलावा आजमगढ़, वाराणसी, सुल्तानपुर, प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, बलिया, प्रतापगढ़ और भदोही समेत अन्य जिलों से मिले। कुछ मोबाइल दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, झारखंड, बिहार और राजस्थान से भी बरामद किए गए। इनमें वनप्लस, वीवो, रेडमी, ओप्पो, रियलमी, टेक्नो, पोको, नोकिया, एप्पल और सैमसंग समेत कई कंपनियों के फोन शामिल हैं।
ALSO READ: Bareilly: अतिवृष्टि से कच्चे मकान ढहे, फसलें बर्बाद, राहत और मुआवजे की मांग
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल खोने पर तत्काल थाने में गुमशुदगी दर्ज कराने के साथ CEIR पोर्टल पर शिकायत करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत करें या cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस ने संदिग्ध लिंक, क्यूआर कोड और अनजान कॉल से सावधान रहने की भी अपील की है।














