वाराणसी: BJP का डिजिटल प्लान तेज, विनोद तावड़े बोले- 30 मिनट में दें विपक्षी नैरेटिव का जवाब

वाराणसी: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठन के साथ-साथ अपने डिजिटल नेटवर्क को भी सक्रिय करना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं यूपी प्रभारी विनोद तावड़े ने वाराणसी में सोशल मीडिया से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने सरकार की योजनाओं, संगठन की गतिविधियों और विकास कार्यों को सोशल मीडिया के जरिए प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया।

30 मिनट के भीतर जवाब देने पर जोर

कार्यशाला के दौरान विनोद तावड़े ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखने की बात कही। उन्होंने सोशल मीडिया टीम को निर्देश दिया कि विपक्षी दलों या नेताओं की ओर से किसी मुद्दे पर कंटेंट या नैरेटिव सामने आने पर उसकी जानकारी जुटाकर करीब 30 मिनट के भीतर जवाब देने की कोशिश की जाए। उन्होंने आईटी और सोशल मीडिया टीम को सक्रिय और सतर्क रखने पर विशेष जोर दिया।

Also Read: UP: इलाहाबाद-झांसी स्नातक सीट पर BJP का बड़ा ऐलान, अशोक कुमार राठौर को मिला टिकट, 23 अक्टूबर को मतदान

रील, मीम और स्थानीय भाषा से योजनाओं का प्रचार

तावड़े ने केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास परियोजनाओं को नए डिजिटल फॉर्मेट में प्रस्तुत करने की बात कही। राशन कार्ड, किसान सम्मान निधि, एक्सप्रेसवे समेत विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों को रील, मीम और दूसरे सोशल मीडिया कंटेंट के जरिए लोगों तक पहुंचाने पर चर्चा हुई। पूर्वांचल में भोजपुरी की लोकप्रियता को देखते हुए स्थानीय भाषा में डिजिटल सामग्री तैयार करने का सुझाव भी दिया गया।

‘एक बूथ, 10 यूथ’ से मजबूत होगा जमीनी नेटवर्क

भाजपा यूपी प्रभारी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए ‘एक बूथ, 10 यूथ’ अभियान पर भी जोर दिया। इसके तहत प्रत्येक बूथ पर युवाओं की टीम तैयार करने की बात कही गई। इन युवाओं की भूमिका सोशल मीडिया गतिविधियों के साथ-साथ बूथ क्षेत्र के लोगों से संपर्क करने और उन्हें सरकार की योजनाओं की जानकारी देने में भी रहेगी।

Also Read: UP: राहुल गांधी के गढ़ रायबरेली में BJP का फोकस! राजनाथ सिंह के बेटे नीरज सिंह को मिली जिम्मेदारी

डिजिटल प्रचार के साथ जनसंपर्क पर फोकस

बैठक में तावड़े ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचने के साथ उनकी जानकारी भी व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचनी चाहिए। उन्होंने बूथ स्तर की सक्रियता, जनसंपर्क और सोशल मीडिया को संगठन की चुनावी तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। हाल की संगठनात्मक बैठकों में भी भाजपा नेतृत्व की ओर से बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और मीडिया व डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए पार्टी की गतिविधियों को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया गया है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है।)