मथुरा में 6 लाख की फर्जी लूट का खुलासा, एजेंट ने साथी संग रची थी साजिश, पूरी रकम बरामद

मथुरा: छह लाख रुपये हड़पने के लिए एजेंट ने साथी के साथ मिलकर लूट की ऐसी कहानी रची कि पुलिस को भी सूचना दे दी। जांच में मामला खुला तो पुलिस ने एजेंट समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट की बताई गई पूरी छह लाख रुपये की रकम बरामद कर ली।

पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर को वादी ने एजेंट कुलदीप सिंह के खाते में छह लाख रुपये भेजे थे। उसे रुपये बैंक से निकालकर मथुरा लाने के लिए कहा गया था। कुलदीप ने साथी अजीत के साथ मिलकर रकम हड़पने की योजना बनाई। उसने इगलास और ग्रामीण बैंक बैसमा से तीन-तीन लाख रुपये निकालकर अजीत को सौंप दिए। दोनों ने रकम को हरोथा में छिपा दिया।

Also Read: UP: UPI चार्ज को लेकर व्यापारियों में बढ़ी बेचैनी, व्यापार मंडल ने जताया विरोध

इसके बाद साजिश के तहत कुलदीप ने अपनी बाइक का अगला हिस्सा तोड़ दिया और खाली बैग लेकर मथुरा की ओर निकल पड़ा। राया के पास हाईवे पर उसने पहले वादी और फिर डायल-112 पर छह लाख रुपये की लूट होने की सूचना दी। खाली बैग भी रास्ते में फेंक दिया। पुलिस की जांच में घटनाक्रम संदिग्ध मिलने पर पूछताछ की गई, जिसमें पूरी साजिश सामने आ गई।

थाना राया पुलिस, एसओजी, स्वॉट और सर्विलांस टीम ने शुक्रवार रात 12:42 बजे ग्राम हरोथा के बाहर सरकारी स्कूल के पार्क के पास से कुलदीप सिंह निवासी सरकोरिया, थाना गोरई, अलीगढ़ और अजीत निवासी नगला बधिया, थाना इगलास, अलीगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर हरोथा में छिपाई गई छह लाख रुपये की रकम भी बरामद कर ली गई। पुलिस दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर रही है।

Also Read: अमेठी: लेखपालों की कमी से 35 ग्राम पंचायतों में प्रमाण पत्रों का काम प्रभावित, ग्रामीण परेशान

थाना हाईवे क्षेत्र में डायल-112 पर फर्जी लूट की सूचना देकर छह लाख रुपये हड़पने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वादी ने अपने एजेंट कुलदीप के खाते में छह लाख रुपये भेजे थे। कुलदीप ने साथी अजीत के साथ मिलकर रकम हड़पने की साजिश रची और बैंक से रुपये निकालकर अजीत को दे दिए। इसके बाद खाली बैग लेकर मथुरा आया और लूट की झूठी सूचना दी। पुलिस ने 24 घंटे में घटना का खुलासा कर दोनों को गिरफ्तार करते हुए छह लाख रुपये की शत-प्रतिशत बरामदगी की है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)