सुल्तानपुर: उत्तरप्रदेश लेखपाल संघ उपशाखा सदर के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को उपजिलाधिकारी सदर को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर लेखपाल संवर्ग की वर्षों से लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की। संघ ने शासन स्तर से सकारात्मक कार्रवाई न होने पर प्रदेशव्यापी कार्यक्रम के तहत चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी।
तहसील अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह और तहसील मंत्री सर्वेन्द्र कुमार पटेल के नेतृत्व में लेखपाल एसडीएम कार्यालय पहुंचे। ज्ञापन में वेतन विसंगति दूर करने, अंतर मंडलीय स्थानांतरण, पदोन्नति, भत्तों में वृद्धि और रिक्त पदों पर पदोन्नति समेत विभिन्न सेवा संबंधी मांगों को प्रमुखता से उठाया गया।
Also Read: UP: UPI चार्ज को लेकर व्यापारियों में बढ़ी बेचैनी, व्यापार मंडल ने जताया विरोध
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि लेखपाल राजस्व विभाग की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में राजस्व संबंधी कार्यों के साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, भूमि संबंधी मामलों, राजस्व अभिलेखों और प्रशासनिक कार्यों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। इसके बावजूद संवर्ग की कई मांगें लंबे समय से शासन स्तर पर लंबित हैं।
तहसील अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने कहा कि लगातार बढ़ते कार्यभार के बीच लेखपालों की सेवा संबंधी समस्याओं का समाधान किया जाना जरूरी है। वहीं तहसील मंत्री सर्वेन्द्र कुमार पटेल ने कहा कि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं हुआ तो संघ चरणबद्ध आंदोलन करेगा।
उन्होंने बताया कि आंदोलन के तहत समाधान दिवस के बहिष्कार, गैर-आपातकालीन कार्यों के बहिष्कार, काली पट्टी बांधकर कार्य करने, रक्तदान शिविर, मोटरसाइकिल रैली और अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन जैसे कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। संघ ने एसडीएम से ज्ञापन शासन तक भेजकर आवश्यक कार्रवाई कराने की मांग की। इस दौरान संघ के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में लेखपाल मौजूद रहे।









