पीलीभीत: पूरनपुर में गांधी जयंती के मौके पर भाकपा माले के कार्यकर्ताओं ने अनोखा विरोध जताया है। पार्टी के राष्ट्रीय आह्वान पर भाकपा माले ने लोकतंत्र बचाओ मार्च निकालक़र प्रदर्शन किया है। कार्यकर्ताओं ने पूरनपुर कस्बे के जायसवाल कॉलोनी स्थित पार्टी कार्यालय से पैदल मार्च शुरूक़र किया जो पकड़िया चौराहा से होते हुए गांधी पार्क पहुंचकर संपन्न हुआ।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करने, एसआईआर प्रक्रिया रद्द करने और काटे गए मतदाताओं के नाम दोबारा सूची में शामिल करने की मांग को लेकर नारेबाजी की। गांधी पार्क में कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद आयोजित सभा में भाकपा माले के जिला प्रभारी अफरोज आलम ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधा।
Also Read: UP: UPI चार्ज को लेकर व्यापारियों में बढ़ी बेचैनी, व्यापार मंडल ने जताया विरोध
उन्होंने आरोप लगाया कि देश की संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता प्रभावित हो रही है। उन्होंने चुनाव आयुक्त की बर्खास्तगी के साथ एसआईआर प्रक्रिया तत्काल रद्द करने की मांग उठाई। अफरोज आलम ने बिहार और पश्चिम बंगाल के चुनावों को लेकर भी सवाल उठाते हुए दोबारा चुनाव कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए जनता को आवाज उठानी होगी। मार्च में राज्य कमेटी सदस्य सईद खां, देवीदयाल, नगीना राम, प्रहलाद, इलियास, नासर खां, नरेश वर्मा, अहिबरन और दिलशाद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।









