UP: बरेली के मीरगंज क्षेत्र से दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा का एक गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर पति समेत सात लोगों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दहेज में कम सामान देने का आरोप
खानपुरा, थाना मीरगंज की रहने वाली आरती पति राहुल ने पुलिस क्षेत्राधिकारी मीरगंज अजय कुमार को दी अपनी तहरीर में बताया कि उनका विवाह 13 अप्रैल 2025 को हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार राहुल पुत्र ओमकार, निवासी ग्राम मनकरी थाना फतेहगंज पश्चिमी, बरेली के साथ हुआ था। शादी में आरती के पिता ने अपनी हैसियत के हिसाब से लगभग 10 लाख रुपये खर्च किए थे। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दिए गए दहेज से खुश नहीं थे और लगातार उसे प्रताड़ित करने लगे।
Also Read: UP: UPI चार्ज को लेकर व्यापारियों में बढ़ी बेचैनी, व्यापार मंडल ने जताया विरोध
बुलेट मोटरसाइकिल की मांग को लेकर मारपीट
पीड़िता के अनुसार, पति राहुल, देवर बाबी , सास शीला, ससुराल पक्ष के ओमकार तथा रिश्तेदार कमलेश (निवासी दिल्ली) बार-बार मायके से बुलेट मोटरसाइकिल लाने का दबाव बनाते थे। जब आरती ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप यह भी है कि देवर ने बुरी नीयत से उस पर हाथ डालने का प्रयास किया।
अवैध संबंधों के विरोध पर जान से मारने की नीयत से दबाया गला
तहरीर में महिला ने बताया कि उसके पति राहुल के शोभा नामक महिला से अवैध संबंध थे। जब आरती को इस बात का पता चला और उसने विरोध किया, तो शोभा और सपना नामक महिला ने घर पर आकर आरती के साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से उसके साथ मारपीट की।
लगातार मिल रही प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। मीरगंज पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है| सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर पति सहित सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है पुलिस मामले की जांच कर रही है।









