UP: गांधी जयंती पर बांदा में सपा का ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ शुरू, ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ मार्च का ऐलान

बाँदा: गांधी जयंती के मौके पर बाँदा में समाजवादी पार्टी ने ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत अपने अभियान का ऐलान कर दिया है।सपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के बाद जिलाध्यक्ष उमेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अभियान की रूपरेखा सामने रखी।कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।इसके बाद सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर 2 से 8 अक्टूबर तक प्रदेशभर में ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ मनाया जा रहा है।

मतदाता सूची से लेकर मतदान प्रक्रिया तक मुद्दे उठाएगी सपा

सपा जिलाध्यक्ष उमेश यादव के मुताबिक अभियान के दौरान मतदाता सूची,मतदान प्रक्रिया और मताधिकार से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच उठाया जाएगा।पार्टी ने निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर भी अपनी बात जनता और मीडिया के सामने रखने की बात कही है।

Also Read: UP: UPI चार्ज को लेकर व्यापारियों में बढ़ी बेचैनी, व्यापार मंडल ने जताया विरोध

बाँदा में निकलेगा ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ मार्च

अभियान के तीसरे दिन बाँदा में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ मार्च निकालने का ऐलान किया गया है।पार्टी के अनुसार मार्च बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से होते हुए जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय तक जाएगा।समापन पर संविधान के अनुच्छेद 326 में निहित सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार के प्रावधान को पढ़कर संकल्प लिया जाएगा।

विधानसभा स्तर पर भी होंगी बैठकें

सपा ने अभियान को तीन चरणों में आगे बढ़ाने की रूपरेखा बताई है।पहले दिन प्रेस कॉन्फ्रेंस,दूसरे दिन विधानसभा स्तर पर कार्यकर्ताओं की बैठकें और तीसरे दिन प्रस्तावित मार्च होगा।कार्यक्रम में बबेरू विधायक विशंभर सिंह यादव,पूर्व जिलाध्यक्ष शमीम बांदवी,इमरान अली,हसनुद्दीन सिद्दीकी,अशोक सिंह गौर,प्रमोद गुप्ता राजा समेत सैकड़ों पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)