UP: बिहार से आलू बेचकर लौट रहे व्यापारी पर मांझी पुल के पास ताबड़तोड़ फायरिंग, जांघ में लगी गोली, हालत गंभीर

बलिया: उत्तर प्रदेश के जनपद बलिया के बैरिया थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों का आतंक सामने आया है। 2 अक्टूबर की देर रात बिहार से ट्रैक्टर पर आलू बेचकर अपने घर लौट रहे एक व्यापारी पर बाइक सवार दो बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोली सीधे व्यापारी की जांघ में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घायल को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

​मिली जानकारी के अनुसार, बैरिया थाना अंतर्गत लीला छपरा (वार्ड नंबर 4) निवासी सुशील कुमार गुप्ता ने चांद दियर पुलिस चौकी पहुंचकर घटना की लिखित सूचना दी। उन्होंने बताया कि उनके भाई बबलू कुमार गुप्ता अपने ड्राइवर रितेश यादव, निवासी छोटका बैजू टोला सिताब दियर, थाना रिवीलगंज, सारण, बिहार के साथ ट्रैक्टर से आलू बेचने बिहार के एकमा गए थे।

Also Read: ‘चुनावी खुजली मिटानी हो तो SIR पर काम करो…’, यूपी भाजपा की बड़ी बैठक, CM योगी बोले- जहां मुस्लिम अधिक, हिंदू वोटर्स के बूथ बदलवाओ

​रात करीब 10:00 बजे जब वे वापस लौट रहे थे, तभी मांझी पुल के समीप अचानक एक बाइक पर सवार दो बदमाश आए। बाइक के पीछे बैठे युवक ने सीधे बबलू कुमार गुप्ता पर फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में एक गोली बबलू के बाएं जांघ में जा लगी। गोलीबारी के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

​गोली लगने से गंभीर रूप से घायल बबलू कुमार गुप्ता को तत्काल सीएचसी बैरिया (सोनबरसा) ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बलिया रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, फिलहाल घायल की हालत स्थिर बनी हुई है। ​घटना के प्रत्यक्षदर्शी ड्राइवर रितेश यादव ने फायरिंग करने वाले दोनों आरोपियों की पहचान कर ली है। आरोपियों की पहचान चांद दियर थाना बैरिया निवासी अरुण यादव पुत्र राजनाथ यादव और संदीप यादव पुत्र रमाशंकर यादव के रूप में हुई है।

Also Read: UP: बहन से अश्लील हरकत का विरोध करना पड़ा भारी, समाचार पत्र विक्रेता की लाठी-डंडों से पिटाई, मामला दर्ज

​मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी बैरिया आलोक कुमार गुप्ता ने बताया कि घटना के संबंध में परिजनों से तहरीर प्राप्त कर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है। ​सीओ आलोक कुमार गुप्ता के अनुसार, नामजद आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)