चित्रकूट में सपा का उग्र प्रदर्शन, पुतला फूंकते समय आग की चपेट में आए थानेदार

चित्रकूट: कथित वोट चोरी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने चित्रकूट जिला मुख्यालय पर उग्र प्रदर्शन किया। ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के गगनभेदी नारों के बीच तहसील परिसर का माहौल काफी तनावपूर्ण बना रहा। इस दौरान न केवल पुलिस-प्रशासन को भारी मशक्कत करनी पड़ी, बल्कि सपा की दो फाड़ अंदरूनी गुटबाजी भी सड़कों पर खुलकर सामने आ गई।

Also Read: UP: छात्राओं को CM Yogi की सौगात, स्कूटी वितरण की तैयारियां तेज, अफसरों को निर्देश जारी

दो गुटों में बंटी सपा: अलग-अलग रैलियों के बाद तहसील में विलय

प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में अनुशासन की कमी और गुटबाजी साफ नजर आई। कार्यकर्ताओं की दो अलग-अलग टीमों ने अलग-अलग रास्तों से जुलूस निकाला पहला गुट सूरज पटेल और नरेंद्र यादव की अगुवाई में दर्जनों कार्यकर्ताओं का पहला दल बनवारीपुर मोड़ से रवाना हुआ और ट्रैफिक चौराहे (धनुष चौराहा) होते हुए सीधे तहसील परिसर पहुंच गया।

दूसरा गुट: सदर विधायक अनिल प्रधान, सपा जिलाध्यक्ष शिवशंकर सिंह और पूर्व सांसद बालकुमार पटेल के नेतृत्व में दूसरा जत्था पार्टी कार्यालय से निकला। यह टीम भी ट्रैफिक चौराहे से होते हुए तहसील की ओर बढ़ी।

हालांकि, दोनों गुटों ने अपनी-अपनी ताकत दिखाने के बाद अंततः तहसील परिसर में एक-दूसरे के साथ विलय कर लिया और आगे के प्रदर्शन में एक साथ शामिल हुए।

Also Read: सपा नेता शिवपाल यादव ने कविता वाले अंदाज में योगी सरकार पर कसा तंज

पुलिस की मौजूदगी में फूंका पुतला, बुझाने की कोशिश में कोतवाल झुलसे

प्रदर्शन का सबसे हाई-वोल्टेज ड्रामा शहर के व्यस्ततम धनुष चौराहे (ट्रैफिक चौराहे) पर देखने को मिला। भारी संख्या में तैनात पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद, सपा कार्यकर्ताओं ने अचानक मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला निकालकर उसमें आग लगा दी। पुतले में अचानक भड़की तेज लपटों को बुझाने के लिए जब सदर कोतवाल आगे बढ़े, तो वे आग की चपेट में आ गए। इस हादसे में सदर कोतवाल का चेहरा और हाथ झुलस गए, साथ ही उनके सिर के बाल भी जल गए।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)