उत्तराखंड में भाजपा सम्मेलन में पहुंचे सीएम धामी और बांसुरी स्वराज

काशीपुर. 

भाजपा का दो दिवसीय विधानसभा विस्तारक एवं प्रभारी वर्ग सम्मेलन बुधवार को सीएम पुष्कर सिंह धामी पहुंच गए। दोपहर 12:15 बजे सीएम कार्यक्रम स्थल पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। अगले एक घंटे पर मुख्यमंत्री विधानसभा विस्तारक एवं प्रभारी से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी पर चर्चा और मंथन करेंगे।

राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, प्रदेश सह प्रभारी बांसुरी स्वराज सीएम धामी के साथ मंच पर मौजूद हैं। संगठन के पदाधिकारी को आगामी विधानसभा चुनाव में जीत का मूलमंत्र देंगे। सम्मेलन में आगामी विधानसभा चुनाव फतह करने के लिए संगठनात्मक रणनीति पर मंथन होगा।

70 विधानसभा सीटों पर संगठन को मजबूत करने पर मंथन
यहां सभी 70 विधानसभा सीटों पर संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति पर मंथन किया जा रहा है। भाजपा की योजना सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में पूर्णकालिक विस्तारक तैनात करने की है। ये विस्तारक करीब 5 महीने तक अपने आवंटित क्षेत्रों में रहकर संगठन की गतिविधियों को मजबूत करेंगे। विधानसभा चुनाव प्रभारियों की भी नियुक्ति की जा चुकी है। कार्यशाला में विस्तारकों और प्रभारियों को उनकी जिम्मेदारियों के साथ चुनाव तक की कार्ययोजना के बारे में मार्गदर्शन दिया जा रहा है।

बूथ से मंडल स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
विस्तारक अपने क्षेत्रों में बूथ, शक्ति केंद्र और मंडल स्तर पर संगठन की गतिविधियों को गति देंगे। उनकी जिम्मेदारी स्थानीय कार्यकर्ताओं से संपर्क बनाए रखने, संगठन के कामकाज की निगरानी करने और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने की होगी। क्षेत्रवार राजनीतिक परिस्थितियों और स्थानीय मुद्दों को समझकर संगठन की गतिविधियां संचालित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।

राम माधव ने पहले दिन दिए निर्देश
कार्यशाला के पहले दिन प्रदेश प्रभारी राम माधव ने विस्तारकों को सक्रिय कार्यकर्ताओं, विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के साथ समन्वय बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और आवंटित विधानसभा क्षेत्रों में लगातार प्रवास कर संगठन का काम आगे बढ़ाने पर जोर दिया। बुधवार को होने वाले सत्र में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री संगठन फणीन्द्रनाथ शर्मा, प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी अरविंद मेनन और सांसद बांसुरी स्वराज सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हैं। तरुण बंसल, कुंदन परिहार और नलिन भट्ट सहित अन्य नेता भी कार्यशाला में मौजूद हैं।

लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की तैयारी
भाजपा का लक्ष्य 2027 में लगातार तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाना है। पार्टी ने चुनाव में 60 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य भी रखा है। ऐसे में काशीपुर में हो रही कार्यशाला को चुनाव से पहले संगठनात्मक तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विस्तारकों और प्रभारियों के जरिए सभी विधानसभा क्षेत्रों में संगठन की सक्रियता बढ़ाने और चुनाव तक कार्यकर्ताओं के साथ नियमित संपर्क बनाए रखने की योजना पर काम किया जा रहा है।