मोगा.
मोगा में शरारती तत्वों ने शहीद भगत सिंह की प्रतिमा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। इस घटना से ग्रामीणों में रोष है। यह वारदात बाघापुराना के गांव वैरोके में हुई। लोगों ने प्रशासन से जांच कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि भगत सिंह ने देश की आजादी के लिए जीवन कुर्बान किया। उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी और समाज में समानता के लिए संघर्ष किया। उनका बलिदान आज भी याद किया जाता है। ग्रामीणों ने कहा कि शहीदों का अपमान बर्दाश्त नहीं होगा। उन्होंने मांग की कि कालिख लगाने वालों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए, ताकि ऐसी घटना दोबारा न हो।
पुलिस को दी गई शिकायत, जांच शुरू
इस मामले में डीएसपी बाघापुराना जसविंदर सिंह खैहरा ने बताया कि गांव वैरोके में शहीद भगत सिंह की प्रतिमा स्थापित है। प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ किए जाने संबंधी ग्रामीणों की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई है। उन्होंने बताया कि प्रतिमा पर पेंट आदि लगा हुआ है और पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।














