NRC विवाद: गिरिराज सिंह बोले- असम के बाद अब बंगाल की बारी

दिल्ली: NRC ड्राफ्ट के मुद्दे पर विपक्षी दलों के विरोध के बीच केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि असम के बाद अब बंगाल से घुसपैठियों को निकालने की बारी है.  उन्‍होंने कहा , बंगाल में रहने वाले घुसपैठियों के खिलाफ भी कानून के मुताबिक कारवाई की जाएगी. इसके साथ ही  गिरिराज सिंह ने कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया.

 

केंद्रीय मंत्री ने कहा, इसमें हम कुछ नहीं कर रहे हैं. यह सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर हो रहा है. उन्‍होंने आगे कहा कि राहुल गांधी को अपनी अज्ञनता दूर करने की जरूरत है. कांग्रेस की सरकार ने ही एग्रीमेंट किया था कि 1971 के बाद जो भी आए हैं वह घुसपैठिए होंगे. राहुल गांधी अब लोगों में भ्रम फैलाना चाहते हैं लेकिन यह नहीं चलेगा.

 

गिरिराज सिंह ने एनआरसी का विरोध करने वालों पर कहा कि वोट बैंक की राजनीति करने वाले लोग भारत को धर्मशाला बनाना चाहते हैं. एनआरसी ड्राफ्ट का विरोध कर रहीं पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी के बारे में गिरिराज सिंह ने कहा कि ऐसे  लोगों को शर्म आनी चाहिए. मुख्यमंत्री की भाषा यह नहीं हो सकती है.  यह अराजकता वाली भाषा है.  ममता बनर्जी अगर घुसपैठियों के पक्ष में खड़ी होती हैं तो उन्‍हें देशभक्त नहीं देशद्रोही कहा जाएगा.

 

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करेंआप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )