कई बार इस तरह के फोटो और वीडियो सामने आते हैं, जिसमे यूपी पुलिस के जवान मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी का फर्ज निभा रहे होते हैं। पर कई बार ये देखा जाता है कि कुछ पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान आराम से मोबाइल चलाते हैं, वीआईपी गेस्ट की सुरक्षा छोड़ उनके साथ सेल्फी लेने में जुट जाते हैं। इससे व्यवस्था काफी बिगड़ जाती है। इस समस्या को देखते हुए अब लखनऊ के पुलिस कमिश्नर ने एक बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने जिले भर में तैनात पुलिसकर्मियों के लिए आदेश जारी किया कि कोई भी ड्यूटी के दौरान फोन इस्तेमाल नहीं करेगा।
इसलिए जारी किया गया आदेश
जानकारी के मुताबिक, लखनऊ में विधानसभा, लोकभवन, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय के सामने कई बार आत्महत्या के प्रयास भी हो चुके हैं, हालांकि पुलिस की सतर्कता से ऐसे तमाम प्रयास विफल भी हुए हैं लेकिन ऐसी महत्वपूर्ण ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों के मोबाइल पर लगे होने की शिकायत भी मिल रही थी जिसके बाद पुलिस कमिश्नर की ओर से ड्यूटी के दौरान मोबाइल के इस्तेमाल पर रोक का आदेश जारी किया गया है।
आदेश में कहा गया ये
पुलिस कमिश्नर एसबी शिरोडकर के आदेश में साफ किया गया है कि महत्वपूर्ण ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मी अपना मोबाइल विश्वस्त सहकर्मी के पास जमा कर सकते हैं ताकि अति आवश्यक मैसेज या कॉल आने पर ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मी को सूचना दी जा सके। यह भी साफ किया गया है कि इस आदेश के बाद आकस्मिक चेकिंग भी की जाएगी और लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )














































