‘युवाओं को नौकरी, प्रदेश को रफ्तार …’, नए साल में नई सौगातें, 2026 में यूपी को मिलेंगी 10 बड़ी उपलब्धियां

UP: नए साल के जश्न के बीच उत्तर प्रदेश सरकार भी प्रदेशवासियों को बड़ी राहत और सौगात देने की तैयारी में जुटी है। वर्ष 2026 को योगी सरकार प्रदेश के लिए विकास, रोजगार और निवेश का वर्ष बनाने जा रही है। आने वाले साल में कई महत्वाकांक्षी योजनाएं पूरी होंगी, तो कई नई योजनाओं की शुरुआत भी होगी। खासतौर पर युवाओं, निवेश और बुनियादी ढांचे को लेकर सरकार की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

युवाओं के लिए रोजगार का सबसे बड़ा मौका

वर्ष 2026 में प्रदेश के युवाओं को सरकारी नौकरी की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। योगी सरकार अलग-अलग विभागों में करीब डेढ़ लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगी। पुलिस और शिक्षा विभाग में 50-50 हजार पदों पर भर्तियों का विज्ञापन जारी होगा। वहीं, राजस्व विभाग में 20 हजार और अन्य विभागों में 30 हजार पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।

पुलिस विभाग में 50 हजार पदों पर होगी भर्ती

पुलिस विभाग वर्ष 2026 में कुल 50 हजार पदों पर भर्ती करेगा। इसमें 30 हजार आरक्षी, 5 हजार सब-इंस्पेक्टर और 15 हजार अन्य पद शामिल हैं। भर्ती प्रक्रिया को लेकर विभागीय स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक से प्रधानाचार्य तक नियुक्तियां

शिक्षा विभाग में भी बड़े स्तर पर भर्तियां प्रस्तावित हैं। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, 2026 में करीब 50 हजार पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें सहायक अध्यापक, प्रवक्ता और प्रधानाचार्य जैसे पद शामिल होंगे।

Also Read: CM योगी का विजन हुआ साकार, उत्तर प्रदेश बना देश में सर्वाधिक पर्यटकों के आगमन वाला राज्य

जेवर में शुरू होगा देश का सबसे बड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट

दिल्ली से सटे जेवर में बन रहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट 2026 में शुरू होने की तैयारी में है। करीब 3300 एकड़ में फैले इस एयरपोर्ट पर 7000 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। पहले चरण में एक रनवे से संचालन शुरू होगा, जबकि भविष्य में पांच रनवे तक विस्तार की योजना है। यह एयरपोर्ट सालाना एक करोड़ यात्रियों को संभालने में सक्षम होगा।

गंगा एक्सप्रेसवे देगा प्रदेश को नई रफ्तार

प्रदेश की सबसे लंबी सड़क परियोजना गंगा एक्सप्रेसवे वर्ष 2026 में जनता को समर्पित की जाएगी। लगभग 594 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे मेरठ से प्रयागराज को जोड़ेगा। यह 12 जिलों और 518 गांवों से होकर गुजरेगा। 36,230 करोड़ रुपये की लागत से बने इस एक्सप्रेसवे से यात्रा के साथ-साथ व्यापार और उद्योग को भी नई गति मिलेगी।

पांचवीं ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी से जमीन पर उतरेगा निवेश

योगी सरकार 2026 की शुरुआत में पांचवीं ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी आयोजित करने जा रही है। इसके जरिए ₹5 लाख करोड़ से अधिक की निवेश परियोजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा। अब तक चार जीबीसी के माध्यम से 15 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश को जमीन पर लाया जा चुका है, जिससे लाखों युवाओं को रोजगार मिला है।

ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से यूपी बनेगा निवेश का केंद्र

2026 में एक और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट आयोजित करने की योजना है। 2023 की जीआईएस में मिले 35 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों के बाद इस बार और बड़े निवेश की उम्मीद है। निवेशकों को आकर्षित करने के लिए देश और विदेश में रोड शो आयोजित किए जाएंगे।

Also Read- माघ मेला 2026: परिवहन निगम की तैयारियां पूरी, लखनऊ परिक्षेत्र से चलेंगी 500 बसें

निवेश मित्र 3.0 से आसान होगा कारोबार

ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को और बेहतर बनाने के लिए निवेश मित्र पोर्टल का नया संस्करण निवेश मित्र 3.0 लॉन्च किया जाएगा। इसमें नई तकनीकों और सुविधाओं को जोड़ा जाएगा, जिससे निवेशकों को तेजी से अनुमतियां मिल सकेंगी।

आयुष अस्पतालों में मिलेगी सर्जरी की सुविधा

प्रदेश सरकार 2026 में आयुष अस्पतालों में 53 प्रकार की छोटी सर्जरी की सुविधा शुरू करने जा रही है। इससे एलोपैथिक अस्पतालों पर दबाव कम होगा और मरीजों को इलाज के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

कोडीन और एनडीपीएस दवाओं की कालाबाजारी पर सख्ती

कोडीन युक्त कफ सिरप और एनडीपीएस श्रेणी की दवाओं की अवैध बिक्री रोकने के लिए सरकार सख्त नियम लागू करेगी। थोक दवा प्रतिष्ठानों की जियो टैगिंग, स्टॉक की फोटो-वीडियो रिकॉर्डिंग और टेक्निकल स्टाफ के अनुभव का सत्यापन अनिवार्य किया जाएगा।

साइबर ठगी रोकने के लिए कॉल सेंटर की क्षमता होगी दोगुनी

साइबर अपराध पर नियंत्रण के लिए सरकार कॉल सेंटर की क्षमता दोगुनी करेगी। डायल 112 और पुलिस कॉल सेंटरों में स्टाफ की संख्या बढ़ाई जाएगी, जिससे साइबर ठगी की शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई हो सके।

Also Read: CM योगी की नीतियों का असर, देश में दूसरी सबसे तेज बढ़ती अर्थव्यवस्था वाला राज्य बना UP

फरवरी तक पूरा होगा कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे

63 किलोमीटर लंबा कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे फरवरी 2026 तक पूरा हो जाएगा। करीब 4700 करोड़ रुपये की लागत से बने इस एक्सप्रेसवे से लखनऊ से कानपुर का सफर महज 40 मिनट में पूरा हो सकेगा।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )