‘BJP ने एक करोड़ वोट बढ़वाए…’, अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला, बोले- नकली वोट बनाने वालों पर FIR हो

UP: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने राज्य में जारी मतदाता सूची और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर बीजेपी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिस एसआईआर से पहले पूरा देश परेशान था, अब उसी से बीजेपी परेशान है। उनका कहना था कि भाजपा ने एक करोड़ वोट बढ़वाए हैं और ऐसे लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होनी चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि फर्जी वोट सबसे ज्यादा बीजेपी के बूथों पर दर्ज किए गए।

अखिलेश यादव का विपक्ष पर हमला

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, ‘वोट बढ़ाने का बीजेपी के लोग दवाब बनाएंगे क्योंकि उनका वोट कट गया है। उन्होंने फर्जी वोट बनाए थे। इसका मतलब फर्जी वोट डाले गए हैं और सबसे ज्यादा वोट बीजेपी के बूथों पर निकले हैं। जिस SIR से ये पूरे देश को परेशान कर रहे थे मैं उत्तर प्रदेश की जनता का धन्यवाद करना चाहता हूं आज SIR से बीजेपी परेशान है और इसलिए गुपचुप बैठक कर रहे हैं। इन लोगों ने 1 करोड़ वोट बढ़वाया है। अब तो सवाल उन पर खड़े हो गए हैं। जो नकली वोट बना रहे हैं उनके खिलाफ FIR हो।

Also Read: बीजेपी का ‘200 वोटर प्रति बूथ’ मेगा प्लान! 2.89 करोड़ वोटरों के नाम कटने से UP BJP में खलबली

अंतिम मतदाता सूची 6 मार्च को होगी जारी

मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नवदीप रिणवा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर स्पष्ट किया कि एसआईआर अभियान का अभी केवल प्रारंभिक चरण पूरा हुआ है। उन्होंने कहा कि 6 मार्च को जारी होने वाली अंतिम मतदाता सूची ही निर्णायक होगी। ड्राफ्ट सूची में नाम होना या न होना अंतिम सूची की दृष्टि से अहम नहीं है।

मतदाताओं से CEO की अपील

सीईओ ने मतदाताओं से अपील की है कि अगर उनका नाम ड्राफ्ट सूची में नहीं है, तो वे फॉर्म-6 भरकर नाम जोड़वा सकते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अगर किसी का नाम पुराने पते से हट गया है और नए पते पर अभी जुड़ा नहीं है, तो इसे गायब मानने की जरूरत नहीं है। इसके लिए सीधे फॉर्म-6 भरकर अपनी जानकारी अपडेट कर सकते हैं।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)