गोरखपुर: बेंगलुरु स्थित यू. आर. राव सैटेलाइट सेंटर, इसरो में 5-6 फरवरी 2025 को आयोजित अखिल भारतीय तकनीकी सम्मेलन में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के गणित एवं सांख्यिकी विभाग के नौ छात्रों ने अपने चयनित शोध पत्र प्रस्तुत किए। शोध छात्र आफताब अंसारी और स्नातक छात्राएं अंकिता मौर्या, तन्वी राव, तान्या मिश्रा, तनु प्रिया त्रिपाठी, दिव्या शैलजा पांडे, विजय कुमार, प्रियांश यादव और अमन मौर्या ने विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए तकनीकी और वैज्ञानिक विषयों पर अपने शोध निष्कर्ष साझा किए।
छात्रों को सम्मान और शैक्षणिक भ्रमण का अवसर
सम्मेलन में सभी प्रतिभागियों को यू. आर. राव सैटेलाइट सेंटर द्वारा प्रमाण-पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही छात्रों को इसरो की अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं का शैक्षणिक भ्रमण भी कराया गया, जिससे उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान और उपग्रह प्रौद्योगिकी के विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त हुई। छात्रों ने इस दौरान अंतरिक्ष-यात्री प्रशांत बालकृष्णन नायर और इसरो के वैज्ञानिकों से महत्वपूर्ण जानकारी और मार्गदर्शन भी प्राप्त किया।
Also Read: UP: गोरखपुर विश्वविद्यालय में स्वयं पाठ्यक्रमों में विद्यार्थियों की बढ़ती भागीदारी
राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुख प्रतिनिधित्व
इस तकनीकी सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र, गुजरात, तमिलनाडु, कर्नाटक, राजस्थान और दिल्ली सहित देश भर के छात्र और शोधार्थी सम्मिलित हुए। उत्तर प्रदेश की ओर से गोरखपुर विश्वविद्यालय का प्रमुख प्रतिनिधित्व रहा और नौ छात्रों का चयन सबसे अधिक रहा। इस उपलब्धि ने विश्वविद्यालय के शोध और शैक्षणिक माहौल को उजागर किया।
विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने दी बधाई
डॉ. राजेश कुमार, सहायक आचार्य और छात्रों के मार्गदर्शक, ने कहा कि इस प्रकार के सम्मेलनों से छात्रों को न केवल अंतरिक्ष विज्ञान में नई जानकारी मिलती है, बल्कि इसरो और डीआरडीओ जैसी संस्थाओं में करियर के अवसर भी स्पष्ट होते हैं। विश्विद्यालय के प्रतिकुलपति प्रो. शांतनु रस्तोगी और कुलपति प्रो. पूनम टण्डन ने भी छात्रों की इस उपलब्धि की सराहना की और इसे विश्वविद्यालय के उत्कृष्ट शोध माहौल और विज्ञान प्रचार का प्रमाण बताया। शिक्षकों ने छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर सहभागिता के महत्व पर जोर दिया।













































