इटावा में घरेलू विवाद में गई 5 माह की मासूम की जान, पिता पर जमीन पर पटकने का आरोप, गांव में पसरा मातम

इटावा: जसवंतनगर क्षेत्र के ग्राम बिहारीपुरा में घरेलू विवाद के दौरान पांच माह की मासूम बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से सनसनी फैल गई। मृत बच्ची की पहचान दिव्यांशी के रूप में हुई है। बच्ची की मां ने अपने पति पर गुस्से में बच्ची को जमीन पर पटकने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम बिहारीपुरा निवासी मोहिनी पत्नी नारायण राजपूत ने पुलिस को बताया कि उसका पति नशे का आदी है और इसी बात को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता रहता था। सोमवार शाम करीब आठ बजे पति-पत्नी के बीच फिर कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर नारायण ने गुस्से में आकर मोहिनी की गोद से दोनों बच्चों को झटके से छीन लिया। इसी दौरान पांच माह की मासूम दिव्यांशी जमीन पर गिर गई और उसके सिर में गंभीर चोट लग गई।

Also Read: मथुरा पुलिस की बड़ी सफलता, 17 साल से फरार 25 हजार इनामी बदमाश गिरफ्तार, अलीगढ़ में अपहरण के मामले में था वांछित

परिजन आनन-फानन में घायल बच्ची को इलाज के लिए सैफई पीजीआई लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव के लोग भी घटना से स्तब्ध हैं। सूचना पर क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह, थानाध्यक्ष कमल भाटी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई।

सीओ आयुषी सिंह ने बताया कि अभी तक मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं आरोपी बताए जा रहे पिता की तलाश में पुलिस टीम गठित कर दी गई है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)