जमीन के पैसों का खूनी खेल! यूपी में बेटे ने मां-बाप और बहन को उतारा मौत के घाट

बहराइच: रूपईडीहा थाना क्षेत्र के बसन्तपुर रूदल (रामगांव) में 1/2 मार्च की रात करीब 12 बजे जमीन बेचने के पैसों को लेकर भड़के एक युवक ने अपने ही परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि छोटे बेटे निरंकार ने कुल्हाड़ी से वार करते हुए पिता बदलू राम (60), मां संजू देवी (56), बहन पार्वती (42) और 80 वर्षीय दादी सिताला की हत्या कर दी।

चीख-पुकार से गूंजा गांव, ग्रामीणों में दहशत

परिजनों के अनुसार, अचानक घर से चीख-पुकार की आवाजें आने लगीं। बड़े भाई गुरूदेव ने रोकने की कोशिश की तो उन पर भी हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के समय घर में अन्य सदस्य भी मौजूद थे।

Also Read: चलती बस की टूटी फर्श ने छीन ली मासूम की ज़िंदगी…अलीगढ़ में स्कूल बस हादसे में 6 साल की अनन्या की दर्दनाक मौत

आरोपी हिरासत में, लखनऊ रेफर

ग्रामीणों के पहुंचने पर आरोपी ने खुद को घायल कर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर किया गया। घायल गुरूदेव का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चरदा में जारी है।

पुलिस जांच तेज, मामला दर्ज

पुलिस अधीक्षक और फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। थाना रूपईडीहा में मुकदमा अपराध संख्या 41/2026 धारा 103(1)/109(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में जमीन के पैसों को लेकर विवाद को घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। गांव में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है और मामले की गहन जांच जारी है।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)