सिलेंडर ब्लास्ट से दहला रायबरेली का कन्नावा गांव, आग का तांडव और मची चीख-पुकार; तीन झुलसे

रायबरेली : बछरावां थाना क्षेत्र के कन्नावा गांव में शनिवार को उस समय कोहराम मच गया, जब एक घर में खाना बनाते समय उठी चिंगारी ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटों ने पड़ोसी के घर को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां रखे गैस सिलेंडर में जोरदार धमाका हो गया। इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

​खाना बनाते समय हुआ हादसा

​जानकारी के मुताबिक, कन्नावा गांव निवासी अमित कुमार की पत्नी घर में चूल्हे पर खाना बना रही थी। इसी दौरान चूल्हे से निकली एक चिंगारी ने पास में रखे छप्पर को पकड़ लिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और अमित के घर को जलते हुए पड़ोसी सूरजपाल के घर तक पहुंच गई।

 

​धमाके से थर्रा उठा गांव

​सूरजपाल के घर तक पहुंची आग की लपटों के कारण वहां रखा गैस सिलेंडर अचानक फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि पूरा इलाका दहल उठा। सिलेंडर ब्लास्ट के बाद आग ने पूरे घर को अपनी आगोश में ले लिया। इस हादसे में घर में मौजूद तीन लोग आग की चपेट में आने से झुलस गए।

ग्रामीणों ने दिखाया साहस

​हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और फायर ब्रिगेड व पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।