A से अखिलेश, A से अतीक, A से आतंकवाद…’, संगीत सोम का सपा पर “PDA” को लेकर तीखा वार

UP: मेरठ ( Meerut) के सरधना क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा (BJP)  नेता संगीत सोम (Sangeet Som) ने समाजवादी पार्टी ( Samajwadi Party) और उसके नेतृत्व पर तीखा हमला बोला। इचौली थाना क्षेत्र के गांव भगवानपुर में बाबासाहेब की प्रतिमा अनावरण के मौके पर पहुंचे सोम ने दलित समाज को संबोधित करते हुए राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। इस दौरान उन्होंने लोगों से “धुरंधर” बनने की अपील भी की।

PDA नारे पर तंज, सपा नेतृत्व पर निशाना

सभा में बोलते हुए सोम ने अखिलेश यादव के PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) नारे पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि अब यह नारा बदल गया है और इसमें केवल “A” ही बचा है। अपने भाषण में उन्होंने कहा कि सपा का PDA अब बदल चुका है. उनके मुताबिक अब उसमें केवल A से अखिलेश, A से अतीक, A से आतंकवाद, A से अपराध और A से अल्लाह हैं. उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक माहौल में चर्चा तेज हो गई है।

गंभीर आरोप लगाए

अपने संबोधन के दौरान सोम ने मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल का जिक्र करते हुए एक पुराने विवाद को उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय मायावती के खिलाफ साजिश की कोशिश की गई थी। हालांकि, इस तरह के आरोपों पर पहले भी राजनीतिक बहस होती रही है और इन्हें लेकर अलग-अलग पक्षों की अपनी-अपनी राय रही है।

धुरंधर’ बनने की अपील, कानून-व्यवस्था पर जोर

अपने भाषण के अंत में सोम ने लोगों से समाज में मजबूती से खड़े होने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर घर में ऐसे लोगों की जरूरत है जो अपराध और आतंक के खिलाफ डटकर खड़े हों। उन्होंने फिल्म “धुरंधर” का जिक्र करते हुए इसे प्रेरणादायक बताया और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने की बात कही। साथ ही उन्होंने खुद को मजबूत जनाधार वाला नेता बताते हुए कहा कि उनका प्रभाव कई विधायकों के बराबर है।