लखनऊ एयरपोर्ट पर बड़ा ड्रग्स का जखीरा पकड़ा गया, 2 करोड़ से अधिक कीमत का हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त

लखनऊ: चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एक बार फिर ड्रग्स तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। बैंकॉक से आई फ्लाइट में सवार एक यात्री के पास से लगभग 2 करोड़ रुपये मूल्य का हाइड्रोपोनिक गांजा (हाइड्रोपोनिक वीड) बरामद किया गया है। यह ड्रग्स कुकीज के 8 टिन बॉक्स में छिपाकर लाई जा रही थी। आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

खुफिया सूचना पर कार्रवाई 

सीमा शुल्क विभाग की एयर इंटेलिजेंस यूनिट को बैं9कॉक से लखनऊ आने वाली फ्लाइट के बारे में विशेष खुफिया जानकारी मिली थी। फ्लाइट नंबर FD-146 (दुबई होते हुए बैंकॉक से) रविवार रात 12:15 बजे लखनऊ पहुंची। इस फ्लाइट में सवार एक भारतीय यात्री पर संदेह होने के कारण उसे रोका गया।

ट्रॉली बैग से मिले 8 कुकी टिन बॉक्स 

यात्री के ट्रॉली बैग की तलाशी के दौरान 8 कुकीज के टिन बॉक्स बरामद हुए। इन बॉक्स के अंदर पॉलीथीन पाउच में पैक हरा रंग का वनस्पतीय पदार्थ मिला। फील्ड डायग्नोस्टिक टेस्ट किट से जांच करने पर यह हाइड्रोपोनिक गांजा/मारिजुआना पाया गया। कुल बरामद ड्रग्स का वजन लगभग 5.88 किलोग्राम था, जिसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य 2.05 करोड़ रुपये है।

उच्च गुणवत्ता वाला नशीला पदार्थ

हाइड्रोपोनिक गांजा एक उच्च गुणवत्ता वाला मादक पदार्थ है, जो विशेष रूप से विदेशी बाजारों में तैयार किया जाता है। यह सामान्य गांजे से ज्यादा शक्तिशाली होता है और इसमें पानी-आधारित पोषक तत्वों से उगाया जाता है। तस्करों ने इसे कुकीज के डिब्बों में छिपाकर लाने की कोशिश की थी ताकि जांच में आसानी से न पकड़ा जाए।

एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई 

सीमा शुल्क कमिश्नर मयंक शर्मा के अनुसार, बरामद ड्रग्स और पैकेजिंग सामग्री को जब्त कर लिया गया है। आरोपी यात्री को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंसेज (एनडीपीएस) एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया। उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

तस्करी के नेटवर्क की जांच जारी

अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ में आरोपी से महत्वपूर्ण जानकारी ली जा रही है। जांच एजेंसियां इस बात का पता लगा रही हैं कि इस तस्करी के पीछे कौन सा बड़ा अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट सक्रिय है और लखनऊ में ड्रग्स की डिलीवरी किसे दी जानी थी। हाल के महीनों में लखनऊ एयरपोर्ट पर ड्रग्स की कई बड़ी खेप पकड़ी जा चुकी हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं।