अमेठी में लव मैरिज का खौफनाक अंत: युवक को बेरहमी से मारकर नाले में फेंका, इलाके में फैली दहशत!

अमेठी। अमेठी जिले के बाजार शुकुल कस्बे में एक युवक की हत्या कर शव नाले में फेंक दिए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मंगलवार सुबह शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पिता की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

देर शाम घर से निकला था साहिद

कस्बा निवासी शरीफ, जो टेंट व्यवसाय से जुड़े हैं, ने बताया कि उनका 32 वर्षीय बेटा साहिद सोमवार देर शाम घर से निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की और रिश्तेदारों व परिचितों से संपर्क किया, मगर कोई सुराग नहीं मिला।

नाले में मिला शव

मंगलवार सुबह कस्बे के पास स्थित नाले में युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान साहिद के रूप में की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Also read:शादी की खुशियां बनीं मातम, जसवंतनगर में मामा-भांजे की दर्दनाक मौत

शव पर मिले चोट के निशान

पुलिस के अनुसार शव पर चोट के कई निशान पाए गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि युवक की पहले पिटाई की गई और उसके बाद हत्या कर शव को नाले में फेंक दिया गया। मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

पुराने विवाद की भी जांच

परिजनों ने बताया कि कुछ वर्ष पहले साहिद ने पूरे लोहागी मजरे दक्खिन निवासी नियाजुद्दीन की पुत्री सबीहा से प्रेम विवाह किया था। दोनों कुछ समय मुंबई में रहने के बाद पारिवारिक सहमति से वापस कस्बे में रहने लगे थे। पुलिस पुराने विवाद सहित अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है।

मुकदमा दर्ज, संदिग्धों की तलाश

पिता शरीफ ने अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। क्षेत्राधिकारी अतुल सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है तथा संदिग्धों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

INPUT-ANANYA MISHRA

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.