हाथरस: हाथरस में दो बच्चियों की पहल ने बिजली विभाग को कार्रवाई के लिए मजबूर कर दिया। ढकपुरा इलाके में खुले और असुरक्षित बिजली के पोल व ट्रांसफॉर्मर को लेकर बच्चियों ने सोशल मीडिया पर आवाज उठाई, जिसके बाद विद्युत विभाग ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा इंतजाम कर दिए। विभाग की कार्रवाई से अब यहां किसी बड़े हादसे का खतरा टल गया है।
मामला हाथरस के वाटर वर्क्स फीडर से जुड़े ढकपुरा इलाके में पुलिया के पास स्थित शिव मंदिर के सामने का है। यहां लंबे समय से बिजली का पोल और ट्रांसफॉर्मर असुरक्षित हालत में बताए जा रहे थे। स्थानीय लोगों को डर था कि पोल में करंट आने या ट्रांसफॉर्मर से चिंगारी निकलने की वजह से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
रविवार शाम इलाके की दो बच्चियों ने इस समस्या का वीडियो बनाया। बच्चियों ने वीडियो के जरिए अपनी चिंता जाहिर करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर यानी एक्स पर डालकर हाथरस के जिलाधिकारी से मदद की गुहार लगाई।
बच्चियों ने बताया कि बिजली के पोल में करंट आने का डर बना रहता है। वहीं, पास लगे ट्रांसफॉर्मर से कई बार चिंगारी निकल चुकी है और आग लगने जैसी स्थिति भी पैदा हो गई थी। ऐसे में वहां से गुजरने वाले लोगों, खासकर बच्चों की सुरक्षा को लेकर लगातार चिंता बनी हुई थी।
ALSO READ: Chandauli: मुगलसराय में दुकान तोड़ने के दौरान जुटी भीड़, पुलिस ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था
बच्चियों की यह पहल सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद विद्युत विभाग हरकत में आया। विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर बिजली के खुले पोल पर प्लास्टिक के सुरक्षा कवर लगाए। इसके अलावा ट्रांसफॉर्मर के आसपास मौजूद असुरक्षित स्थिति को भी ठीक किया गया।
बच्चियों की जागरूकता और सोशल मीडिया के माध्यम से उठाई गई आवाज के बाद हुई इस कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। वहीं, यह मामला यह भी दिखाता है कि छोटी सी जागरूकता और समय रहते शिकायत किसी बड़े हादसे को रोकने में अहम भूमिका निभा सकती है।


















































