मजदूरी कर पत्नी को बनाया ANM, नौकरी लगते ही साथ रहने से किया इनकार ; गोंडा में पति ने लगाई न्याय की गुहार

गोंडा : मोतीगंज थाना क्षेत्र से पति-पत्नी के रिश्ते को लेकर एक भावुक मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने मजदूरी कर, भैंस और गन्ना बेचकर पत्नी को एएनएम (ANM) का कोर्स कराया, लेकिन नौकरी लगने के बाद पत्नी ने उसके साथ रहने से इनकार कर दिया। पीड़ित पति ने पत्नी और उसके परिजनों पर 10 लाख रुपये मांगने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है।

मोतीगंज थाना क्षेत्र के चपरतल्ला कौरहे गांव निवासी राजेश कुमार वर्मा ने सीओ शिल्पा वर्मा को शिकायती पत्र देकर बताया कि उनकी शादी वर्ष 2001 में पिपरा लालच गांव निवासी राम उजागर की बेटी रेनू वर्मा से बाल्यावस्था में हुई थी। वर्ष 2018 में गौना होने के बाद रेनू ससुराल आईं और बाद में एएनएम का कोर्स करने की इच्छा जताई।

राजेश के अनुसार, आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद उसने पत्नी की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। वह पंजाब में रहकर लोहे की पल्लेदारी का काम करता रहा। पत्नी की पढ़ाई के लिए उसने दो भैंसें बेच दीं और गन्ना बेचकर भी पैसे जुटाए। पीड़ित का दावा है कि उसने करीब डेढ़ लाख रुपये विभिन्न माध्यमों से पत्नी की पढ़ाई पर खर्च किए।

Also Read : सहारनपुर नगर निगम ने रचा इतिहास: गैराज विभाग को मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान, महापौर बोले- बेहतर काम से ही देश आगे बढ़ेगा

राजेश का आरोप है कि वर्ष 2022 में उसकी पत्नी मायके गई और उसके दिए हुए 12 हजार रुपये के पायल बेचकर एएनएम कोर्स में दाखिला ले लिया। इसके बाद उसने पूरी मेहनत और ईमानदारी से पत्नी की पढ़ाई में सहयोग किया। अब कोर्स पूरा होने और अस्पताल में नौकरी मिलने के बाद पत्नी उसके साथ रहने को तैयार नहीं है।

पीड़ित पति का कहना है कि जब वह पत्नी को वापस लाने ससुराल पहुंचा तो उससे कहा गया कि अगर वह रेनू के साथ रहना चाहता है तो उसे अपने माता-पिता को छोड़कर गोंडा में अलग रहना होगा। राजेश ने बताया कि उसके पिता बीमार हैं और मां नेत्रहीन हैं, ऐसे में वह उन्हें अकेला नहीं छोड़ सकता।

राजेश कुमार वर्मा ने आरोप लगाया कि पत्नी और उसके परिजन अब उससे 10 लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। साथ ही शादी और गौना के समय दिए गए जेवर भी वापस नहीं किए जा रहे हैं। पीड़ित ने पुलिस से पत्नी की पढ़ाई पर खर्च की गई रकम और जेवर वापस दिलाने की मांग की है।

राजेश ने कहा, “मैं सिर्फ पांचवीं तक पढ़ा हूं। मजदूरी करके पत्नी को पढ़ाया, लेकिन अब वह कह रही है कि तुम्हारे घर नहीं आऊंगी। मैं अपने बूढ़े और बीमार माता-पिता को छोड़कर कैसे अलग रहूं।” फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )