UP: सीएम योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) 22 फरवरी 2026 को सिंगापुर (Singapore) और जापान (Japan) के दौरे के लिए रवाना हुए थे। जिसके बाद आज सीएम योगी अपने दौरे से वापस भारत लौट आए है। सीएम योगी ने जापान और सिंगापुर के अपने चार दिवसीय दौरे को उत्तर प्रदेश के लिए निवेश संभावनाओं का नया अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीते वर्षों में राज्य में हुए बदलावों ने वैश्विक निवेशकों का भरोसा जीता है। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस यात्रा का उद्देश्य उत्तर प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय निवेश मानचित्र पर और मजबूती से स्थापित करना था, जिसमें उन्हें सकारात्मक संकेत मिले।
60 से अधिक बैठकों के साथ निवेश पर फोकस
दौरे के दौरान सरकार-सरकार (G2G), सरकार-व्यापार (G2B) और व्यापार-व्यापार (B2B) स्तर पर 60 से अधिक बैठकें आयोजित की गईं। सिंगापुर, टोक्यो और यामानाशी में आयोजित रोड शो में 400 से 500 के बीच निवेशक, वित्तीय संस्थानों के चेयरमैन और सीईओ शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने बताया कि इन बैठकों से प्रदेश में निवेश के नए अवसर खुल रहे हैं और कई कंपनियों ने आगे की भागीदारी में रुचि दिखाई है।
सिंगापुर में आईटी और सेमीकंडक्टर पर चर्चा
सिंगापुर में आईटी, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर, सिटी लॉजिस्टिक्स, सेमीकंडक्टर, टूरिज्म, फिनटेक और डीप टेक जैसे क्षेत्रों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि कई कंपनियों ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं, जबकि कुछ ने प्रस्ताव सौंपे हैं। जीआईसी, गूगल और ब्लैकस्टोन जैसी अंतरराष्ट्रीय कंपनियों ने उत्तर प्रदेश में संभावनाओं को लेकर सकारात्मक रुख दिखाया है।
जापान में तकनीकी सहयोग और औद्योगिक संभावनाएं
जापान प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने यामानाशी की मैग्लेव ट्रेन परियोजना का अनुभव साझा किया और इसे तकनीकी प्रगति का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि जापानी निवेशक राज्य की नई औद्योगिक नीतियों और बेहतर कारोबारी माहौल से प्रभावित हैं। सरकार का मानना है कि भारत-जापान सहयोग से उत्तर प्रदेश में उन्नत तकनीक और औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
Also Read: जापान में सीएम योगी का पैर छूकर बच्चे ने किया प्रणाम, बच्चे ने सुनाया संस्कृत का श्लोक
आगे की रणनीति
मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि इस यात्रा से जुड़े समझौते जल्द जमीन पर उतरेंगे और आने वाले समय में राज्य में निवेश का नया चरण शुरू होगा।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )





































