सिद्धार्थनगर में पारिवारिक विवाद से दर्दनाक घटना, मां तो बची, मासूम बच्ची की मौत

सिद्धार्थनगर: सिद्धार्थनगर जिले के शोहरतगढ़ क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया। अरीं ग्राम पंचायत के पठानडीह गांव में 26 वर्षीय विवाहिता अपनी पांच माह की मासूम बच्ची के साथ राप्ती मुख्य नहर में डूबती पाई गई। ग्रामीणों की तत्परता से महिला को तो बचा लिया गया, लेकिन बच्ची की जान नहीं बच सकी। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

पारिवारिक कलह ने लिया भयावह रूप

चम्पापुर निवासी अब्दुल करीम की बेटी सहीदुन्निशा का विवाह करीब डेढ़ वर्ष पहले पठानडीह के मुस्तकीम से हुआ था। बताया जा रहा है कि शादी के बाद से ही दहेज को लेकर उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। शनिवार को ससुराल पक्ष के सदस्यों,सास, ससुर, ननद और देवर से उसका तीखा विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी तनाव के बीच यह हृदयविदारक घटना घटी।

Also Read: चलती बस की टूटी फर्श ने छीन ली मासूम की ज़िंदगी…अलीगढ़ में स्कूल बस हादसे में 6 साल की अनन्या की दर्दनाक मौत

ग्रामीणों ने बचाई महिला की जान

रविवार को नहर के पास मौजूद लोगों ने जब महिला को बच्ची सहित पानी में संघर्ष करते देखा तो तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। कई ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर नहर में छलांग लगाई और कड़ी मशक्कत के बाद महिला को बाहर निकाला। मार्मिक दृश्य यह रहा कि अचेत अवस्था में भी मां ने अपनी बेटी को सीने से लगाए रखा था। महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है।

दहेज उत्पीड़न और हत्या के प्रयास का आरोप

पीड़िता के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाते हुए पुलिस में तहरीर दी है। उनका कहना है कि उनकी बेटी को नहर में धक्का दिया गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि महिला के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)