बच्चों को स्कूल छोड़कर लौटी और उठाया खौफनाक कदम, वृंदावन में विधवा महिला ने लगाई फांसी; जांच में जुटी पुलिस

मथुरा: वृंदावन के कोतवाली क्षेत्र स्थित दुर्गापुरम पानीघाट इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक 25 वर्षीय विधवा महिला मोनिका शर्मा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, मोनिका के पति की मृत्यु लगभग दो वर्ष पहले एक सड़क हादसे में हो गई थी, जिसके बाद वह अपने दो छोटे बच्चों के सहारे जीवन यापन कर रही थी।

मोनिका वृंदावन के आईओपी कॉलेज में बीकॉम की पढ़ाई भी कर रही थी और अपने बच्चों की देखभाल के साथ जीवन को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही थी। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन वह सुबह बच्चों को स्कूल छोड़कर घर लौटी थी। इसके बाद कई घंटों तक कमरे से कोई हलचल न होने पर ससुराल पक्ष को शक हुआ। जब परिजनों ने झरोखे से अंदर झांका तो मोनिका फंदे से लटकी मिली।

घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। रंगजी चौकी प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है, ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लग सके।

 

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)